Pilibhit News: एसपी के आदेश पर आठ लोगों पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज
जमीनी विवाद को लेकर घर में घुसकर जान से मारने की नीयत से किया था हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलसंडा। जमीनी विवाद में महिला के पति के ऊपर गांव के ही कुछ लोगों ने तमंचे से फायर कर दिया। महिला ने मामले की शिकायत थाने पर भी की, मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब एसपी के आदेश पर मामले में आठ नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
थाना करेली क्षेत्र के गांव तिल्छी के रहने वाली साजो बेगम ने बताया कि 10 अक्तूबर की शाम सात बजे उसके पति तौफीक खेत पर गए थे। जहां गांव के ही पंकज कुमार पुत्र सोहनलाल से खेत की मेड़ को लेकर कोई विवाद हो गया। जहां पंकज ने उनके साथ गाली-गलौज किया। इसके बाद वह अपने घर पर वापस चले आए।
इसी दौरान पंकज, धर्मेंद्र, रविंद्र, सोहनलाल, परशुराम, अनिल कुमार, अनुज कुमार और पातीराम व अज्ञात लोगों के साथ लाठी डंडे बांका व तमंचा लेकर पीछे से आ गए और मारपीट शुरू कर दी।
धर्मेंद्र ने उसके पति पर जान से मारने की नीयत से फायर भी झोंक दिया। जिससे उसके पति बाल-बाल बच गए। एसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने आठ नामजद व अज्ञात के खिलाफ जान से मारने, बलवा करने व अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।