Pilibhit News: वेतन की मांग को लेकर वन वाॅचरों का प्रदर्शन

मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस के गेट पर प्रदर्शन करते वन वाचर। संवाद
– जनपद भर के वन वाॅचर हुए इकट्ठा, 11 माह से रुका है वेतन
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जंगल की सुरक्षा में अहम किरदार निभाने वाले वन वाॅचर 11 माह से वेतन के लिए भटक रहे हैं। बृहस्पतिवार को दस दिन में दूसरी बार वन वाॅचरों ने मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस पर प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में वेतन जारी होने तक कार्य बहिष्कार की रणनीति बनाई गई।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व और सामाजिक वानिकी प्रभाग में करीब 235 दैनिक वेतनभोगी वन वाॅचर तैनात हैं। अलग-अलग रेंजों में वाॅचरों पर गश्त समेत अन्य अहम जिम्मेदारी रहती है। एक वन वाॅचर को 370 रुपये के हिसाब से 26 दिन का 9634 रुपये वेतन दिया जाता है। जनपद में 11 माह से वाॅचरों को वेतन नहीं दिया गया है।
संगठन का आरोप है कि कुछ वाॅचरों की सेवा भी समाप्त कर दी गई। इन समस्याओं को लेकर दस दिन पूर्व भी मुस्तफाबाद में धरना दिया गया था। अफसरों के आश्वासन के बाद भी कोई हल नहीं निकल सका। बृहस्पतिवार को फिर धरना शुरू किया गया। जिला मंत्री अब्दुल खुशनूद ने बताया कि मांग को लेकर अफसरों से संपर्क किया जा रहा है। कार्य बहिष्कार की रणनीति बनाई जा रही है।