Pilibhit News: अब आवास विकास कॉलोनी में मिला डेंगू संक्रमित

जांच करती मलेरिया विभाग की टीम ।
पीलीभीत। शहर की आवास विकास कॉलोनी में एक युवक डेंगू संक्रमित मिला है। इसके साथ ही जिले में डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। युवक ने निजी लैब से जांच कराई थी। सीएमओ ने मलेरिया विभाग की टीम मौके पर भेजी है।
आवास विकास कॉलोनी के युवक ने बरेली की एक निजी लैब से जांच कराई थी। इसमें डेंगू की पुष्टि हुई है। सूचना मिलने पर सीएमओ ने मलेरिया विभाग की टीम को भेजकर मरीज से उपचार संबंधी जानकारी लेने के साथ ही घर में लार्वा की खो कराई। मरीज के घर समेत आसपास इलाके में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया।
जिले में अब तक पांच लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। शहर की अशोक कॉलोनी, अवध नगर कॉलोनी, निरंजन कुंज कॉलोनी और मुहल्ला सुनगढ़ी में डेंगू संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि सभी अब खतरे से बाहर हैं। सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि इस समय मच्छरजनित एवं वायरल बीमारियों का प्रकोप है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
ये बरतें सावधानियां
– डेंगू के प्रकोप से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें।
– घर के अंदर और बाहर साफ-सफाई रखें।
– नालियों व घर के कोनों में कीटनाशक दवा का छिड़काव करें।
– कहीं पर भी जल भराव न होने दें।
– छतों पर पुराने बर्तन, गमलों, टायर आदि में भरा पानी निकाल दें।
– पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें।
– बाहरी खाद्य पदार्थों, विशेषकर जंक फूड से परहेज करें।
– पानी उबालने के बाद छानकर पीएं।
– बुखार आने पर तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर से संपर्क करें।