Pilibhit News: जिला अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 12 Jul 2023 11:31 PM IST
पीलीभीत। बिलसंडा क्षेत्र के गांव बमरौली के रहने वाली श्रद्धा शर्मा ने मुख्यमंत्री व डीएम से शिकायत करते हुए जिला महिला अस्पताल के स्टाफ पर लापरवाही से प्रसव कराने का आराेप लगाया है। महिला का कहना है कि ऑपरेशन के बाद उसे अपनी बच्चेदानी निकलवानी पड़ी।
श्रद्धा शर्मा पत्नी विशाल मिश्रा ने बताया कि तीन जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने 3700 रुपये परिजनों से लेकर कई जगह हस्ताक्षर कराए। ऑपरेशन से लड़के का जन्म हुआ। ऑपरेशन कक्ष के अंदर ही स्टाफ के लोग चाय-नाश्ते में व्यस्त हो गए, जबकि उसका रक्त स्राव नहीं रुक रहा था।
आरोप है कि दोबारा ऑपरेट कर उसे सही करने का प्रयास किया, लेकिन खून नहीं रुका। इसके बाद दो यूनिट खून मंगवाकर चढा़या गया। डाक्टराें ने क्लॉटिंग फैक्टर डिस्आर्डर की समस्या बताकर महिला को प्राइवेट अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद महिला को शहर के गांधी स्टेडियम रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने बच्चेदानी से छेड़खानी होना बताया। इसके बाद वहां पर उसकी बच्चेदानी को निकाल दिया गया। सात जुलाई तक महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व डीएम प्रवीण कुमार से कर दोषी डॉक्टर व स्टॉफ पर कार्रवाई कराने की मांग की है।