Pilibhit News: तिगड़ी में कुत्ते का आतंक, कई लोगों को काटा
– चिकित्सक ने दी निगरानी करने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। न्यूरिया कस्बे के तिगड़ी मोहल्ले में एक कुत्ते ने आतंक मचा रखा है। कुत्ता एक सप्ताह के अंदर कई लोगों को काट चुका है। रैबीज के डर से लोग इंजेक्शन लगवा रहे हैं साथ ही चिकित्सकों की सलाह के मुताबिक इस कुत्ते की निगरानी भी की जा रही है। वन विभाग को अभी तक इसके बारे में जानकारी नहीं दी गई है।
मोहल्ले के रहने वाले मोनिस भी सोमवार को रैबीज का इंजेक्शन लगवाने जिला अस्पताल पहुंचे। मोनिस ने बताया कि मोहल्ले में एक हफ्ते से कुत्ते ने आतंक मचा रखा है। कोई भी व्यक्ति जो मोहल्ले के खेल मैदान की ओर आता है, उसपर कुत्ता हमला कर देता है। अब तक कुत्ता मोहल्ले के ही रहने वाले निजाम, आसिया, शहरोज, नियाज और अफरोज को काट चुका है। सभी लोग रैबीज रोधी वैक्सीन लगवा रहे हैं।
मोनिस ने बताया कि डॉक्टर की सलाह के अनुसार 10 दिनों तक इस कुत्ते की निगरानी की जाएगी। चिकित्सक डॉ शरीफ ने बताया है कि कुत्ते की निगरानी के लिए इसलिए कहा गया है क्योंकि यदि कुत्ते में रैबीज के जीवाणु ज्यादा होंगे तो वह स्वयं ही मर जाएगा। किसी को काटने के बाद अगर कुत्ते की चार-पांच दिन में मौत होती है तो मान लिया जाता है कि कुत्ते में रैबीज के लक्षण थे।