Pilibhit News: खड़े ट्रक से टकराई इको वैन, दो लोगों की मौत

बीसलपुर चीनी मिल के पास हुए हादसे में क्ष्रतिग्रत हुई कार । संवाद
बीसलपुर। सोमवार रात चीनी मिल के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक से इको वैन टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे। वे कानपुर से स्कूल यूनिफार्म के कपड़ा लेकर लौट रहे थे।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी कदीर खां ने बताया कि उनके भाई जहीर खां (50) सोमवार को इको वैन से कानपुर से लौट रहे थे। वैन में मोहल्ले के ही टेलर रियासत (45) और अच्छे मियां (46) भी थे। जहीर खां का ईदगाह चौराहे पर चाय का होटल है। रियासत खां और अच्छे मियां स्कूली बच्चों की यूनिफार्म करते हैं। इसके लिए वे सोमवार सुबह कानपुर से कपड़ा लेने गए थे।
रात में कपड़ा लेकर कानपुर से इको से लौट रहे थे। बीसलपुर में चीनी मिल के सामने रात करीब दो बजे सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी गाड़ी टकरा गई। आशंका जताई जा रही है कि गाड़ी चला रहे जहीर खां को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। हादसे में वैन सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। काफी मशक्कत के बाद ट्रक में घुसी वैन को निकाला गया।
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जहीर खां और रियासत को मृत घोषित कर दिया। दोनों आपस में फुफेरे-ममेरे भाई थे। गंभीर रूप से घायल अच्छे मियां को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस ने मंगलवार शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। देर शाम उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक गुरुदेव सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स
300 किलोमीटर चले आए सकुशल, 300 मीटर की दूरी पड़ गई भारी
कार सवार कानपुर से बीसलपुर चीनी मिल गेट तक लगभग 300 किलोमीटर की यात्रा कर सकुशल आ गए। चीनी मिल से उनके घर की दूरी बमुश्किल 300 मीटर है। इसे पूरा करने में मुश्किल से पांच मिनट लगते, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। इसी वजह से घर के बिल्कुल नजदीक आकर हादसा हो गया।

बीसलपुर चीनी मिल के पास हुए हादसे में क्ष्रतिग्रत हुई कार । संवाद

बीसलपुर चीनी मिल के पास हुए हादसे में क्ष्रतिग्रत हुई कार । संवाद

बीसलपुर चीनी मिल के पास हुए हादसे में क्ष्रतिग्रत हुई कार । संवाद