Pilibhit News: शेड्यूल के मुताबिक नहीं मिल पा रही बिजली

पूरनपुर में ट्रांसफार्मर ठंडा रखने के लिए लगाया गया कूलर। संवाद
शहर में लोड बढ़ने से फाॅल्ट आने की वजह से आ रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शेड्यूल के मुताबिक विद्युत विभाग बिजली की आपूर्ति नहीं करा पा रहा है। मुख्य कारण लोड बढ़ने के कारण हो रहे लोकल फाॅल्ट हैं, जिस कारण कटौती की जा रही है। विभाग का दावा है कि शहरी क्षेत्र में 22 घंटे बिजली दी जा रही है, जबकि लोगों को 19 घंटों से भी कम बिजली मिल पा रही है।
आदेशानुसार शहर में 24 घंटा, तहसील में 22 घंटा और देहात में 20 घंटा बिजली की आपूर्ति होनी चाहिए, मगर विभागीय आंकड़ों के मुताबिक शहर में 22 तहसील में 20 और देहात में 18 घंटे बिजली दी जा रही है। इसके विपरीत हकीकत यह है कि शहर में 19 घंटों से भी कम बिजली की आपूर्ति हो पा रही है, जबकि तहसील और देहात क्षेत्र में हालात इससे भी अधिक खराब है।
यहां क्रमश: 22 और 20 घंटों के विपरीत 15 और 11-12 घंटे बिजली की आपूर्ति हो पा रही है। इसके अलावा देहात के अधिकांश गांवों में कम वोल्टेज आने की समस्या अलग से है, और तो और कई इलाकों में तो खराबी आने पर कई-कई दिन तक इनको ठीक नहीं किया जा पाता, जिस कारण लोग बिजली को लेकर परेशान रहते हैं।
00
लोड अधिक होने के कारण फाॅल्ट हो रहे है। इस कारण आपूर्ति में दिक्कत आ रही है। हालांकि फाॅल्ट को दुरुस्त कराकर सप्लाई को सुचारु रखने का प्रयास किया जा रहा है।
-जहांगीर आलम, अवर अभियंता
000
पूरी रात आधे पूरनपुर की लड़खड़ाई रही बिजली
पूरनपुर। खराबी के कारण आधे नगर की बिजली आपूर्ति शनिवार पूरी रात लड़खड़ाई रही। ऐसे में उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत हुई।
गर्मी में बिजली के संबंध में मुख्यमंत्री भले ही गंभीर हों, लेकिन पूरनपुर नगर और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पटरी पर नहीं आ रही है। शनिवार रात को फीडर नंबर दो में फाॅल्ट से घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। फीडर नंबर दो में मोहल्ला ढका में फाॅल्ट के कारण शाम आठ बजे ठप हुई बिजली आधा घंटे बाद शुरू हुई तो कुछ देर बाद रात नौ बजे माधोटांडा रोड पर तार टूटने से फीडर नंबर दो की आपूर्ति फिर बंद कर दी गई। खराबी दूर कर पौने 10 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हुई।
इसके आधा घंटे बाद लाइनपार में सती मठिया के पास फाॅल्ट से फिर फीडर दो की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। खराबी दूर होने पर एक घंटे बाद आपूर्ति शुरू हुई। रात पौने दो बजे महिला चिकित्सालय के पास खराबी से फिर फीडर नंबर दो की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। खराबी दूर होने पर आधा घंटा बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो पाई।
रात तीन बजे फिर पूरनपुर देहात में एक धार्मिक स्थल के पास खराबी से फीडर नंबर दो की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। खराबी दूर होने पर सुबह चार बजे आपूर्ति सुचारू हुई। इसके अलावा फीडर नंबर चार के अंतर्गत भी कई स्थानों पर फाॅल्ट से पूरी रात बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई रही। इससे उपभोक्ताओं को काफी असुविधा हुई।
जिन उपभोक्ताओं के पास इन्वर्टर थे वे भी डाउन हो गए। एसडीओ प्रवीन कनौजिया ने बताया कि भीषण गर्मी में लोड बढ़ने पर फाॅल्ट हो रहे हैं।
ट्रांसफार्मरों को ठंडक देने के लिए लगाए गए कूलर, पंखे
भीषण गर्मी में बढ़े लोड से फॉल्ट के कारण उपभोक्ताओं को शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही। लोड के कारण ट्रांसफार्मर गर्म हो रहे है। फीडर नंबर दो डॉ. राममनोहर लोहिया बालिका इंटर कॉलेज के गेट पर लगे ट्रांसफार्मर की रात को कई बार एमसीबी गिरने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप रही। ऐसे में विद्युत सब स्टेशन में पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर गर्म न हों, उनको ठंडा रखने के लिए कूलर और पंखे लगाए गए। संवाद