Shahjahanpur News: महिला की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या का आरोप

मृतक शिवानी का फाइल फोटो।
परौर। थाना क्षेत्र के गांव खजुरी निवासी हरिओम की पत्नी शिवानी (25) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है।
जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव मंडुरिया निवासी नरेंद्र सिंह ने अपनी सबसे छोटी बेटी शिवानी की शादी खजुरी गांव निवासी हरिओम के साथ वर्ष 2020 में की थी। उसका डेढ़ साल का बेटा भी है। शुक्रवार रात शिवानी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल पक्ष शिवानी के फंदे से लटककर जान देने की बात कह रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
पिता नरेंद्र सिंह ने तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार रात शिवानी ने उनके पास फोन किया था। उसने बताया था कि गिउटिया गांव निवासी राजू और लेखपाल कपिल घर में शराब पी रहे हैं, जबकि हरिओम ने उनके साथ मारपीट की है। इस बीच उसका फोन किसी ने छीन लिया था। परिजनों ने दामाद हरिओम पर दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया। नरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने पति हरिओम, राजू, रेनू व हल्का लेखपाल कपिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सुंदर लाल वर्मा ने बताया कि शिवानी के गले में हल्का निशान मिला है। गर्दन में भी हल्की चोट लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।