Pilibhit News: सूदखोर की धमकी के बाद से कर्मचारी लापता
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 16 Jul 2023 11:58 PM IST
न्यूरिया। कस्बे के मोहल्ला ठाकुरद्वारा में किराये के मकान में रह रहा नगर पंचायतकर्मी ललित सूदखोर की धमकी के बाद से लापता है। ललित ने सूदखोर से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। वह उसे 1.70 लाख रुपये दे चुका है, लेकिन सूदखोर डेढ़ लाख रुपये और देने के लिए उसे धमका रहा है। ललित की पत्नी ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
ललित की पत्नी पूनम ने पुलिस को बताया कि उसके पति नगर पंचायत न्यूरिया में संविदा सफाई कर्मचारी हैं। उन्होंने पीलीभीत के मोहल्ला बागगुलशेर खां निवासी एक सूदखोर से 50 हजार रुपये उधार लिए थे। एक जनवरी को ललित ने 1.70 लाख रुपये सूदखोर को दे दिए। उसमें 50 हजार रुपये मूलधन के अलावा 1.20 लाख रुपये ब्याज के थे।
आरोप है कि सूदखोर ललित पर डेढ़ लाख रुपये बतौर ब्याज और देने के लिए दबाव बना रहा है। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसकी धमकी के बाद से ही ललित लापता है। पूनम का कहना है कि 14 जुलाई को उसके पति का फोन आया था, इसके बाद से उनका न तो फोन आया है और न ही उनका कोई पता चला है। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया है कि उन्हें अभी इस मामले में किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है।