Pilibhit News: शारदा नदी के कटान में तेजी आई, किसान बेचैन

पूरनपुर के गांव चंदिया हजारा के समीप भू कटान करती शारदा नदी। संवाद
पूरनपुर। शारदा नदी ने गांव चंदिया हजारा, राहुलनगर के समीप कटान तेज कर दिया है। नदी जंगल की जमीन को काटती हुई खेतों की ओर बढ़ रही है। इससे चंदिया हजारा, राहुलनगर के लोगों में खलबली मची हुई है। अगर कटान रोकने के ठोस उपाय नहीं किए गए तो आबादी क्षेत्र में कटान की आशंका है। दो दिन पहले एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने कटान का निरीक्षण किया। प्रधान ने डीएम को पत्र भेजकर कटान रोकने को पर्कोपाइन, तिगुड़िया लगवाने की मांग की है।
क्षेत्र में हर साल शारदा नदी तबाही मचाती है। पहाड़ों पर बारिश होने से बनवसा बैराज से नदी में पानी छोड़ा जाता है। बारिश शुरू होते ही नदी का जलस्तर घटने-बढ़ने का क्रम शुरू हो गया है। नदी जलस्तर घटने पर तेजी से कटान करती है। पिछले साल भी नदी ने चंदिया हजारा, राहुलनगर की ओर तेजी से भू-कटान किया था। नदी ने इस बार फिर गांव चंदिया हजारा और राहुलनगर के समीप कटान शुरू कर दिया है।
नदी जंगल की जमीन को काटती हुई खेतों की ओर बढ़ रही है। गांव चंदिया हजारा निवासी तपन हलधर और उनके पड़ोसी किसानों का खेत नदी के मुहाने पर आ गया है। चंदिया हजारा के प्रधान वासुदेव कुंडू ने डीएम को भेजे पत्र में कटान से क्षेत्र को बचाने को पर्कोपाइन, तिगुडिय़ा लगवाने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि हरीपुर रेंज के धनारा कंपार्टमेंट की जंगल की जमीन नदी में समा चुकी है।
नदी खेतों से कुछ दूरी पर रह गई है। चैनेलाइजेंशन का काम वन विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र न मिलने से लंबित है। क्षेत्र को बचाने के लिए धनाराघाट से राहुलनगर तक पर्कोपाइन, तिगडिय़ा लगवाने की जरूरत है। अन्यथा नदी की भेंट सैकड़ों एकड़ जमीन चढ़ जाएगी। प्रधान ने बताया कि नदी ने कटान शुरू कर दिया है। एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि दो दिन पहले कटान की सूचना पर मौके पर जा कर स्थिति को देखा गया। पिछले साल से नदी करीब दो सौ मीटर खेतों की ओर आ गई है।

पूरनपुर के गांव चंदिया हजारा के समीप भू कटान करती शारदा नदी। संवाद