Pilibhit News: पिपरिया से डगा तक बाघ की दहशत, रात को निकलने से डर रहे ग्रामीण
बीस दिन से क्षेत्र में डेरा जमाए है बाघ, लगातार देखी जा रही चहलकदमी
संवाद न्यूज एजेंसी
कलीनगर। जंगल से बाहर पिपरिया संतोष गांव की सीमा में घूम रहे बाघ की दहशत डगा गांव तक फैल गई है। बाघ तीन किलोमीटर दायरे में चहलकदमी कर रहा है।
टाइगर रिजर्व की बराही और महोफ रेंज के जंगल से बाहर पिपरिया संतोष गांव के निकट बीस दिन पूर्व एक बाघ की मौजूदगी देखी गई थी। इसके बाद बाघ ने क्षेत्र में ही डेरा जमा लिया। तीन किलोमीटर दायरे में चहलकदमी कर बाघ छुट्टा पशुओं को मारकर खा रहा है।
पिपरिया के साथ सुखदासपुर नवदिया और डगा गांव के निकट तक बाघ घूमता दिखाई दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि नाममात्र को वनकर्मियों को निगरानी के लिए लगाया गया है। शुरुआत में वनकर्मी आते रहे, लेकिन अब क्षेत्र में कोई भी दिखाई नहीं देता।
बाघ की मौजूदगी के चलते खेतों में जाने से ग्रामीण डर रहे हैं। रात को लोग गांव के बाहर भी नहीं निकल रहे हैं। रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव का कहना है कि टीम को क्षेत्र में निगरानी बरतने के निर्देश दिए गए है। बाघ मित्रों को सक्रिय किया गया है।