Pilibhit News: हमेशा चालू रखें मोबाइल, नहीं तो 24 घंटे में निरस्त हो जाएगी एसएमएस गन्ना पर्ची
-शासन के निर्देश पर डीसीओ ने जिले के किसानों के लिए जारी की एडवाइजरी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। गन्ना सीजन शुरू होते ही किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस द्वारा गन्ना पर्ची भेजी जाने लगी है। कहा गया है कि किसान अपना मोबाइल नंबर को हमेशा चालू रखें, नहीं तो पर्ची 24 घंटे बाद स्वत: ही निरस्त हो जाएगी। शासन के निर्देश पर जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
जिले की चार चीनी मिलों में शहर की एलएच मिल तीन नवंबर को चालू हो चुकी है। बरखेड़ा आठ नवंबर के आसपास चालू होेने की उम्मीद है। इसके अलावा पूरनपुर, बीसलपुर चीनी मिल 15 नवंबर तक चालू होने की तैयारी में हैं। गन्ना सीजन शुरू होते ही ऑनलाइन व्यवस्था के तहत किसानों के पंजीकृत मोबाइल पर गन्ना पर्ची एसएसएस के माध्यम से भेजी जाने लगी है।
मोबाइल चालू न होने की दशा में एसएमएस डिलीवरी फेल्योर होने के चलते गन्ना पर्ची 24 घंटे बाद स्वतः निरस्त हो जाएगी। ऐसे में मोबाइल चालू होना जरूरी है। साथ ही मोबाइल का इनबॉक्स खाली होना चाहिए, ताकि एसएमएस आ सके। कुछ किसानों के मोबाइल का इनबॉक्स फुल होने, मोबाइल बंद होने, मोबाइल नेटवर्क क्षेत्र से बाहर होने, डीएनडी एक्टिवेट होने की स्थिति में किसानों के मोबाइल में पर्ची नहीं पहुंच पा रही है, जिसकी वजह से किसानों को समय से गन्ना पर्ची नहीं मिल पा रही है।
–
किसानों के पंजीकृत नंबरों पर एसएमएस द्वारा गन्ना पर्ची भेजी जा रही है। मोबाइल बंद होने या अन्य वजहों से रोजाना करीब 10 फीसदी पर्चियों डिलीवरी फेल हो रही हैं। ऐसे में किसान भाई अपने मोबाइल को हमेशा चार्ज और चालू रखें।
-डॉ. खुशीराम भार्गव, जिला गन्ना अधिकारी