Pilibhit News: निजी बैंक के फील्ड ऑफिसर की वाहन की टक्कर से मौत

मोर्चरी पर रोते बिलखते मृतक संजीव के परिजन । संवाद
पीलीभीत। गोला जा रहे बाइक सवार युवक की किसी वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा गजरौला क्षेत्र में गांव मुडैला के पास हुआ। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना दी।
बरेली के भुता क्षेत्र के गांव परेवा कुईया निवासी संजीव (24 वर्ष) पुत्र मदनलाल गोला की एक निजी बैंक में फील्ड ऑफिसर के पद पर तैनात थे। मौसा मंगलीराम ने बताया कि शनिवार काे वाल्मीकि जयंती व रविवार की छुट्टी होने के कारण वह शुक्रवार की रात अपने गांव थाना भुता के गांव परेवा कुईया आए हुए थे। जहां से शनिवार की शाम वह अपनी पत्नी मंजू के साथ शहर के मोहल्ला नौगवां पकड़िया स्थित अपनी सुसराल आए थे। इसी दौरान शनिवार की शाम को उनके पास एक फोन आया, जिसमें रविवार को बैंक आने की बात कही गई।
संजीव रविवार की सुबह सवा सात बजे गोला जाने के लिए बाइक से निकले। जैसे ही वह थाना गजरौला क्षेत्र के गांव मुडैला के पास पहुंचा। पीछे से आए किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी में मिले आईकार्ड के आधार पर हादसे की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। संजीव की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, दो वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। पत्नी व परिजन का रो रोकर बुरा हाल है।

मोर्चरी पर रोते बिलखते मृतक संजीव के परिजन । संवाद