Budaun News: बेटी को पीईटी दिलाकर लौट रहे पिता की हादसे में मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 30 Oct 2023 12:35 AM IST

मृतक हररपाल शर्मा। फाइल फोटो
उझानी। मुरादाबाद में बेटी को पीईटी का पेपर दिलाकर घर लौट रहे कछला निवासी युवक की बाइक में अज्ञात वाहन की टक्कर लग गई। शनिवार शाम बिल्सी-बिसौली रोड पर हुए हादसे में पिता-पुत्री दोनों घायल हो गए। रविवार सुबह हायर सेंटर ले जाते समय पिता की मौत हो गई।
कछला कस्बे के वार्ड 10 निवासी हरपाल शर्मा उर्फ गुड्डू (45) पुत्र नन्हेलाल शर्मा भारतीय जीवन बीमा निगम में अभिकर्ता थे। उनकी छोटी बेटी सुहानी मिश्रा उर्फ किन्नी का शनिवार को पीईटी का पेपर था। इसलिए वह बाइक से बेटी को लेकर सुबह मुरादाबाद गए थे। शाम को लौटते समय बिल्सी-बिसौली रोड पर जनता इंटर कॉलेज के सामने बाइक सवार पिता-पुत्री को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हेलमेट लगाए होने की वजह से हरपाल के सिर में तो चोट नहीं लगी, लेकिन सीने में गुम चोट आई थी। बेटी सुहानी भी घायल हो गईं। बिल्सी में रिश्तेदार के घर पर मौजूद उनकी बड़ी बेटी मृदुल मिश्रा को जब हादसे की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची।
घायल हरपाल और सुहानी को नजदीक के अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया। हालत में सुधार होने पर परिजन दोनों को घर ले आए। रविवार तड़के हरपाल की हालत बिगड़ गई तो परिजन उन्हें निजी वाहन से बदायूं में भर्ती कराने के लिए ले जा रहे थे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही हरपाल की मौत हो गई। मृदुल ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बिल्सी थाने में पुलिस को तहरीर दी गई। कछला चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।