Pilibhit News: अदालत के आदेश पर रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज
बीसलपुर। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रंगदारी मांगने और छेड़खानी करने के मामले में रिपोर्ट सोमवार को दर्ज कर ली।
कोतवाली क्षेत्र के एक विवाहिता ने बताया कि पहली दिसंबर 2022 की शाम को वह अपने पति के साथ बीसलपुर से गांव आ रही थी। रास्ते में तीन लोगों ने रोककर तमंचे के बल पर उनसे तीन लाख की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर उन लोगों ने उसे और उसके पति को हत्या, छेड़खानी और अपहरण आदि गंभीर मामलों में फर्जी ढंग से फंसाने की चेतावनी दी। एक आरोपी ने उससे छेड़खानी भी की।
कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रंगदारी मांगने, गाली गलौज और छेड़खानी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में गांव जसोली निवासी जयप्रकाश, उसकी पत्नी एकता देवी को नामजद किया गया है। तीसरे आरोपी को अज्ञात बताया गया है। संवाद