Pilibhit News: बीमा कंपनी के सर्वेयरों पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। हादसे में कार क्षतिग्रस्त होने पर बीमा कंपनी के सर्वेयरों ने फौजी से धोखाधड़ी कर लिखवा लिया कि कार वह चला रहा था, उस पर लाइसेंस नहीं है। इससे बीमा कंपनी ने क्षतिग्रस्त कार का क्लेम निरस्त कर दिया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर फौजी के पिता की ओर से बीमा कंपनी के सर्वेयरों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव अमृतपुर घुंघचाई निवासी बल्देव सिंह ने बताया कि उसका पुत्र मलकीत सिंह भारतीय सेना में है। मलकीत के नाम उसने छह महीने पहले कार खरीदी थी। कार 31 दिसंबर 2022 को गड्ढे में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय उसका भाई जसवीर सिंह कार चला रहा था। हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद बीमा कंपनी के कर्मचारियों को क्लेम के लिए उसने सूचना दी।
छुट्टी पर आए पुत्र को बीमा कंपनी के सर्वेयरों ने पूरनपुर नगर में बुलाकर षड्यंत्र के तहत यह लिखवा लिया कि हादसे के समय कार को वह चला रहा था। बीमा कंपनी ने पुत्र के पास ड्राइविंग लाइसेंस न होने का हवाला देकर क्लेम को निरस्त कर दिया।
बल्देव सिंह का आरोप है कि बीमा कंपनी के सर्वेयर ने धोखाधड़ी की। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि कोर्ट के आदेश परे बल्देव सिंह की ओर से बीमा कंपनी के सर्वेयर सुभेष, विनोद कुमार, आकाश के खिलाफ धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।