पीलीभीत

Pilibhit News: मुजफ्फरनगर में नहीं बन सकेगा फायर स्टेशन

Connect News 24

Fire station will not be built in Muzaffarnagar

पूरनपुर में शहीद अ​ग्नि शमन केंद्र के ​शिलान्यास पर पूजन करते विघायक । फाइल फोटो

पूरनपुर। गांव मुजफ्फरनगर में देखी गई फायर स्टेशन की जमीन का मामला फायर ब्रिगेड के सर्वे में अटक गया है। सर्वे में इस जमीन को फायर स्टेशन के लिए अनुपयुक्त माना है। वजह यह है कि जहां फायर स्टेशन के लिए जमीन देखी गई है वहां तक पहुंचने के लिए कई मोड़ आ रहे हैं। इससे आग लगने पर वाहन तेजी से यहां से नहीं आ-जा सकेगा।

तहसील क्षेत्र में फायर ब्रिगेड स्टेशन न होने से फायर सीजन में जिला मुख्यालय से फायर ब्रिगेड की एक अस्थायी यूनिट कोतवाली में रहती है। अस्थायी यूनिट में मात्र एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी होती है, जो क्षेत्र के लिए नाकाफी है। यहां बता दें कि क्षेत्र के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र और हजारा थाना क्षेत्र में आग की बड़ी घटना होने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले ही आग में जलकर सब कुछ राख हो चुका था।

नगर में फायर ब्रिगेड की स्थापना की मांंग सालों से चल रही है। धनराशि स्वीकृत होने के बाद भी फायर स्टेशन के लिए जमीन नहीं मिल पा रही थी। पीलीभीत रोड स्थित एलआईसी के समीप, असम हाईवे पर सुड़कुआ ताल के समीप, हरसिंहपुर, शेरपुरकलां में जमीन देखी गई। मगर फायर ब्रिगेड के अफसरों ने जमीन को अनुपयुक्त बताया था।

वर्ष 2021 में गांव मुजफ्फरनगर में फायर ब्रिगेड स्टेशन को जमीन चिह्ति की गई थी, जिसे निरीक्षण के बाद फायर ब्रिगेड के अफसरों ने उपयुक्त बताया था। विधायक बाबूराम पासवान ने सात जनवरी 2022 को जमीन का पूजन कर अग्निशमन केंद्र के निर्माण का शुभारंभ किया था। फायर स्टेशन गांव निवासी शहीद नत्थूलाल, माखन लाल को समर्पित करने की घोषणा की थी, लेकिन दोबारा हुए सर्वे में अग्निशमन विभाग के अफसरों ने जमीन को अनुपयुक्त बता दिया। तर्क है कि जिस जमीन का चयन किया गया है। वहां तक जाने वाली सड़क में कई मोड़ हैं। ऐसे में पानी भरी फायर ब्रिगेड की गाड़ी तेजी से नहीं दौड़ेगी। वहीं उसके पलटने का भी खतरा रहेगा।

सर्वे में जमीन फायर ब्रिगेड स्टेशन के लिए उपयुक्त नहीं पाई गई। क्षेत्र में फायर ब्रिगेड बनवाने को मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं। एसडीएम को दूसरी जमीन तलाशने को कहा है।- बाबूराम पासवान, विधायक


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button