Rampur Encounter: रामपुर पुलिस की गो तस्करों से मुठभेड़, गैंगस्टर के पैर में लगी गोली, आरोपी अस्पताल में भर्ती

रामपुर में मुठभेड़ के बाद मौके पर पहुंचे एसपी
– फोटो : संवाद
विस्तार
रामपुर की सिविल लाइंस पुलिस की गो तस्करों से देर रात मुठभेड़ हो गई। इसमें गैंगस्टर के आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गो तस्करों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
बुधवार देर रात गोतस्कर और पुलिस आमने-सामने आ गए। सिविल लाइंस पुलिस ने अजीतपुर क्षेत्र में ग्राम आगापुर से बिजइया रोड पर चेकिंग के दौरान दो बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी तथा दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
गोली लगे बदमाश को पुलिस अस्पताल ले गई। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि घायल बदमाश शहजादनगर थाना क्षेत्र के चमरौआ गांव निवासी नन्हे पुत्र सैदा है। मौके से फरार हुए बदमाश का नन्हे का सगा भाई भूरा उर्फ लंगड़ा है। बताया कि दोनों गोकशी के अपराधी है।
उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार बदमाश नन्हे के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा तथा कारतूस बरामद हुए हैं। नन्हे कुशीनगर से गैंगस्टर एक्ट का वांछित अपराधी है।