Pilibhit News: विदेश भेजने का झांसा देकर पांच लोगों से दस लाख से ज्यादा की ठगी
एसपी के आदेश पर गजरौला पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, सीओ सिटी करेंगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। थाना गजरौला क्षेत्र के पांच ग्रामीणों से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने दस लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। पांचों ने मामले की शिकायत एसपी से की। जिसपर उनके आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम मुड़ैला कलां निवासी रामौतार, दीनदयाल, सुभाष चंद्र, जसवंत, अग्यारी गांव निवासी हरदेव ने संयुक्त रूप से एसपी के आदेश पर थाना गजरौला में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमे कहा गया कि न्यूरिया थाना क्षेत्र के सूरजपुर गांव निवासी प्रेमपाल मौर्य का उनके गांव में कई सालों से आना-जाना है।
आरोपी ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने सभी से कागजात, आधार कार्ड, फोटो आदि ले लिए और कार्रवाई के लिए कचहरी में बुलाया। वहां स्टांप पेपर और अधिवक्ता के रजिस्टर में हस्ताक्षर कराए।
15 मार्च 2021 को मेडिकल के लिए दिल्ली चलने की बात कहते हुए सभी से 80-80 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद वीजा पासपोर्ट बनवाने के लिए सभी से 1.30 लाख रुपये लिए। 17 अक्तूबर 2021 को सभी लोग दुबई चले भी गए। वहां पहुंचने पर पता चला कि उन्हें टूरिस्ट वीजा पर भेज दिया गया है।
किसी तरह नौ फरवरी 2023 को वे लोग वहां से वापस आए। जब उन लोगों ने आरोपी से रुपये वापस मांगे तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उनके ऊपर फायरिंग भी की गई।
फर्जी मुकदमे में फंसा कर जेल भिजवाने की धमकी दी गई। इसकी शिकायत उसी समय थाने में की गई लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। अब एसपी के आदेश पर गजरौला थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष गजरौला रूपा बिष्ट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामला एससीएसटी एक्ट से जुड़ा होने के कारण विवेचना सीओ सिटी करेंगी।