Pilibhit News: विवादित जमीन पर कोर्ट के फैसले को लेकर तैनात रहा पुलिस फोर्स

शहर की लकड़ी मंडी में तैनात पुलिस । संवाद
सुरक्षा के लिहाज से पीएसी व फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी रही मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शहर के लकड़ी मंडी रोड स्थित एक स्थान पर दो समुदाय के बीच झगड़ा चल रहा है। जिसका मंगलवार को फैसला आना था। सतर्कता को लेकर मौके पर पुलिस के साथ पीएसी तैनात रही। हालांकि शाम तक इसमें फैसला नहीं आ सका। अब आगामी 27 दिसंबर को फैसला सुनाने की तारीख तय की गई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के जाटों वाले चौराहे के समीप दो पक्षों के बीच जगह को लेकर विवाद चल रहा था। अभी कुछ दिन पूर्व भी विवादित जमीन पर एक पक्ष के लोग वहां कब्जा करने के लिए पहुंचे, तो विवाद पनप गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जैसे-तैसे मामले को शांत कराया।
मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण कोतवाल ने मौके पर पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया था। मंगलवार को उक्त जमीन का न्यायालय से फैसला आना था। जिसको लेकर पुलिस काफी सतर्क रही। जाटों वाले चौराहे से लेकर विवादित जमीन के बीच पीएसी के साथ पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था।
इसके साथ ही मुख्य चौराहे पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौजूद रही। वहीं सीओ सिटी अंशु जैन ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को फैसला नहीं आ सका है। अब 27 दिसंबर को फैसला सुनाया जाएगा।