Pilibhit News: साइबेरियन पक्षियों का शिकार करने वाले पांच शातिर शिकारी हुए ट्रेस

भारत नेपाल सीमा पर एसएसबी के साथ गश्त करते क्षेत्रीय वनाधिकारी । स्रोत – टीम
कलीनगर। नेपाल की शुक्ला फांटा सेंचुरी से साइबेरियन पक्षी और मछली के साथ गभिया सहराई क्षेत्र के दो शिकारियों के पकड़े जाने के बाद टाइगर रिजर्व के अधिकारी अब गंभीरता बरतने के दावे कर रहे हैं। डीएफओ का कहना है कि कैमरे की मदद से पांच और शिकारियों को ट्रेस किया गया है। कार्रवाई के लिए शुक्ला फांटा सेंचुरी के वन अफसरों व एसएसबी से संपर्क साधकर गोपनीय जानकारी साझा की गई है।
हर साल ठंड की शुरुआत होते ही जनपद की सीमा में शारदा डैम के साथ ही अन्य बड़े जलाशयों में साइबेरियन पक्षियों की आमद होती है। बराही रेंज से सटे नेपाल की शुक्ला फांटा सेंचुरी के जलाशयों में भी पक्षी पहुंचते हैं। इसके चलते डैम की तलहटी के शिकारी सक्रिय हो जाते हैं। शारदा डैम के साथ ही नेपाल की शुक्ला फांटा सेंचुरी से भी शिकार किया जाता है।
चार दिन पूर्व शुक्ला फांटा सेंचुरी में पहुंचे गभिया सहराई क्षेत्र के दो शिकारियों को नेपाल की शाही सेना ने पकड़ा था। तीन शिकारी भाग निकले थे। शिकारियों के पास से बड़ी मात्रा में साइबेरियन पक्षी और मछली बरामद की गई। इसकी जानकारी मिलने के टाइगर रिजर्व प्रशासन गंभीर हुआ। डीएफओ नवीन खंडेलवाल ने बताया कि सीमावर्ती जंगल में लगे कैमरों को चेक कराया गया है। इसमें पांच शिकारी ट्रेस किए गए। अफसरों ने शुक्ला फांटा सेंचुरी के वन अफसरों से संपर्क साधा और शिकारियों की तस्वीरें साझा कीं। शुक्ला फांटा सेंचुरी के वन अफसरों से बात कर रणनीति बनाई गई है। सीमावर्ती वन चौकी को एसएसबी की मदद से निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।