Pilibhit News: वन विभाग मुआवजा देने को तैयार, पीड़ित परिवार से मांगे अभिलेख
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sat, 19 Aug 2023 12:31 AM IST
कलीनगर। मथना जपती क्षेत्र में बाघ के किसान को खेत से खींच कर ले जाने के मामले में पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलने की आस जग गई है। शुक्रवार को क्षेत्रीय वन दरोगा ने गांव पहुंचकर परिजनों से प्रार्थनापत्र के साथ बैंक संबंधित कागजात लिए। घटना स्थल को लेकर ग्राम प्रधान की भी स्वीकृति ली गई। उम्मीद जताई जा रही है कि परिजनोंं को मुआवजा मिल सकेगा।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव रानीगंज निवासी राममूर्ति लाल मंगलवार को माला रेंज के जंगल से सटे खेत में सिंचाई कर रहे थे। इस दौरान जंगल से बाहर आया बाघ राममूर्ति को खींच कर ले गया और मार डाला। तलाश करने पर बुधवार को जंगल में तीन सौ मीटर अंदर राममूर्ति का अधखाया शव मिला था। परिजन का कहना है कि बाघ राममूर्ति को खेत से खींचकर ले गया, जबकि वन विभाग जंगल के अंदर की घटना बता रहा था। हालांकि मामले में गहनता से जांच कराई जा रही थी।
शुक्रवार को क्षेत्रीय वन दरोगा मृतक के घर पहुंचे। मृतक के पुत्र चंद्रपाल की ओर से प्रार्थना पत्र लिया गया। इसके अलावा बैंक के अलावा अन्य कागजात भी मांगे गए। घटना की स्थिति को लेकर ग्राम प्रधान की भी स्वीकृति ली गई। पुत्र चंद्र पाल ने बताया कि विभागीय कर्मचारी ने कागजात लिए हैं। ग्राम प्रधान भरत लाल ने बताया कि गरीब परिवार को मुआवजा मिलने की आस जागी है। विभाग को दिए पत्र में भी बाघ द्वारा खेत से खींचकर ले जाने की बात लिखी गई है। जिसपर मोहर लगाकर हस्ताक्षर किए गए हैं।