पीलीभीत

Pilibhit News: निर्दलीय के प्रचार पर बोले पूर्व मंत्री- बेटा भाजपा विधायक है, मैं नहीं

Connect News 24

निर्दलीय के पक्ष में वोट करने का वायरल हुआ ऑडियो तो दी सफाई

कहा- ब्लैकमेल करने के लिए किसी ने किया षड़यंत्र

संवाद न्यूज एजेंसी

बीसलपुर (पीलीभीत)। भाजपा के कद्दावर नेता रहे और बाद में सरकार आने पर मंत्री बने रामसरन वर्मा का निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने और वोट देने का ऑडियो वायरल हुआ है। पूर्व मंत्री के बेटे विवेक वर्मा बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक हैं। ऑडियो वायरल होने के बाद पूर्व मंत्री ने बुधवार को अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहाकि उनका बेटा भाजपा विधायक है, वे नहीं। जनहित को ध्यान में रखते हुए निर्दलीय प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहाकि भारतीय जनता पार्टी ने जनता की भावना के विपरीत प्रत्याशी तय किया है। इसलिए निर्दलीय की जीत होगी। जहां तक अनुशासन की बात है तो वे पार्टी छोड़ चुके हैं। उनका पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। उनकी संपूर्ण नीतियां पारदर्शी हैं। वे जो कर रहे हैं, सभी को दिख रहा है। ऑडियो षड़यंत्र के तहत वायरल किया गया है। 38 वर्ष के सियासी सफर में 36 वर्ष भाजपा के साथ रहे। जब तक वह भाजपा में रहे, तब तक पूरी वफादारी के साथ काम किया। अब उनका किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वह जनहित के काम में पहले भी लगे थे। अब भी लगे हैं। भविष्य में भी लगे रहेंगे।

यह है ऑडियो

बीसलपुर नगर पालिका परिषद के चुनाव में भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी शशि जायसवाल हैं। खुद को उनका समर्थक बताकर एक युवक ने पूर्व मंत्री से फोन पर पूछा था कि वह वोट किसे दें। वायरल ऑडियो के मुताबिक इसके जवाब में पूर्व मंत्री रामशरण वर्मा ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी मीतू जायसवाल को वोट दो। रामशरण वर्मा ने यह भी कहा कि वह अपने आसपास के लोगों को भी मीतू जायसवाल को वोट देने के लिए कह दें।

वायरल ऑडियो को पूर्व मंत्री बता रहे साजिश

पूर्व मंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए साजिश रचते हुए ऑडियो वायरल किया है। यह कृत्य अपराध की श्रेणी में आता है। फिर भी वह इस संबंध में पुलिस में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराएंगे। वह जनता की भावनाओं के अनुरूप जनता के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।-

विधायक बोले

पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा के विधायक बेटे विवेक वर्मा का कहना है कि वे भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में हैं। उनके पिता का अपना निर्णय है। इसमें वे क्या कर सकते हैं?


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button