Pilibhit News: धान खरीद के भुगतान में चार एजेंसियां शून्य

मंडी में होती धान की तौल । फाइल फोटो
पीलीभीत। खरीद का एक पखवाड़ा बीतने के बाद जिले में तय लक्ष्य के सापेक्ष महज 1.63 प्रतिशत ही सरकारी खरीद हो सकी है। वहीं सरकार के खरीद के 72 घंटे में भुगतान के दावे के बावजूद तय छह एजेंसियों में मात्र पीसीयू और खाद्य विभाग ने ही 465 किसानों को 360.41 लाख रुपये का भुगतान किया है। शेष चार एजेंसियों- पीसीएफ, यूपीएसएस, मंडी समिति और भारतीय खाद्य निगम ने अभी भुगतान ही शुरू नहीं किया है।
जिले में तीन अक्तूबर से विधिवत धान की खरीद शुरू हुई थी। जिले को इस बार तीन लाख एमटी धान खरीद का लक्ष्य मिला है। खरीद के लिए अलग-अलग एजेंसी के 161 क्रय केंद्र खोले गए हैं। 15 दिन बीतने के बाद भी जिले में 152 क्रय केंद्र ही सक्रिय हो सके हैं। इन केंद्रों पर महज 1.63 प्रतिशत ही धान की खरीद हो सकी है। यानी लक्ष्य के सापेक्ष जिले में 48 हजार क्विंटल की ही खरीद हुई है। यह खरीद 787 किसानों से की गई है।
जिले में सरकारी केंद्रों पर धान की खरीद गति नहीं पकड़ पाने की एक वजह भुगतान न हो पाना भी है। भुगतान के मामले में बजट न होने की बात कहकर यूपीएसएस ने हाथ खड़े कर लिए हैं तो पीसीएफ, मंडी समिति और भारतीय खाद्य निगम ने भी अब तक कोई भुगतान नहीं किया है। वहीं जिम्मेदारोें का दावा है कि जल्द ही सभी एजेंसी की ओर से बकाया भुगतान कराया जाएगा।
यह है एजेंसी की भुगतान की स्थिति
एजेंसी खरीदा गया धान(क्विंटल) कुल देय भुगतान किया गया भुगतान
खाद्य विभाग 20592 449.54 लाख 328.18 लाख
पीसीएफ 1226 244.65 लाख 00
यूपीएसएस 6371 13.91 00
मंडी समिति 1116 24.37 00
भारतीय खाद्य निगम 162 3.54 लाख 00
पीसीयू 9536 208.17 लाख 32.23 लाख
खाद्य विभाग ने किया सबसे अधिक भुगतान
जिले में जहां मंडी समिति सहित चार एजेंसियों ने भुगतान के नाम पर एक रुपया भी नहीं दिया है, वहीं खाद्य विभाग की ओर से खरीदे गए धान के सापेक्ष 328.18 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है। जो कि जिले में सबसे अधिक 73 प्रतिशत है। एजेंसी ने यह भुगतान 303 किसानों को किया है। इसके अलावा पीसीयू ने 162 किसानों का 32.23 लाख रुपये का भुगतान कर दूसरे नंबर पर जगह बनाई है।
अभी केवल दो एजेंसियों की ओर से ही किसानों का भुगतान किया गया है। अन्य का नहीं हो सका है। जल्द ही इन एजेंसियों से भी भुगतान कराना सुनिश्चित कराया जाएगा। – वीके शुक्ला, डिप्टी आरएमओ
सिटी मजिस्ट्रेट को केंद्र पर नहीं मिला धान बेचने वाला किसान
पीलीभीत। सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने मंडी में धान क्रय केंद्राें का औचक निरीक्षण किया। एक केंद्र पर बिना किसान के ही धान की तौल हो रही थी। जानकारी करने पर केंद्र प्रभारी कोई सटीक जानकारी नहीं दे सके। सिटी मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार कर पीसीयू के संबंधित सेंटर पर कार्रवाई की संस्तुति कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी है। संवाद

