Pilibhit News: तीन घरों में आग लगने से चार पशु मरे, एक लाख की नकदी भी जली
पूरनपुर। गांव चंदिया हजारा निवासी शंकर दास, उनके भाई अरुनदास, वरुन दास के घरों में शुक्रवार रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई। इससे शंकर दास के घर में रखे एक लाख रुपये व अन्य सामान जलकर राख हो गया तो चार पशुओं की भी जलकर मौत हो गई।
रात में तीनों घरों में अचानक आग लगी। जानकारी पर पहुंचे ग्राम प्रधान वासुदेव कुंडू ने अन्य लोगों को जानकारी दी, जिसपर काफी संख्या में लोग वहां पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। जब तक आग पर काबू पाया जाता, इससे पहले वरुन दास के चार पशुओं की आग में जलने से मौत हो गई।
ग्राम प्रधान ने बताया कि शंकर दास के घर में फसल बिक्री की रखी एक लाख रुपये की नकदी, तीनों भाइयों के जेवरात, बिस्तर, अनाज, टीवी, फ्रिज, वाॅशिंग मशीन, भूसा आदि सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने मिलकर आग को बुझाया। सूचना पर शनिवार को गांव पहुंचे हल्का लेखपाल ने नुकसान की जानकारी जुटाई। संवाद