Pilibhit News: अपने वार्ड के बूथों पर जीत हासिल नहीं कर सके कई चेयरमैन प्रत्याशी
नगर पालिका पूरनपुर : मात्र भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र रहे अपने वार्ड में विजेता
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को छोड़कर अन्य कोई भी चेयरमैन प्रत्याशी अपने वार्ड के बूथों से जीत हासिल नहीं कर सका। सपा प्रत्याशी मुजफ्फर अहमद खां वार्ड 20 के निवासी है। वार्ड के बूथ नंबर 37 और 38 में बूथ नंबर 38 पर मुजफ्फर अहमद को 115 जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ने मियां अंजाना को उनसे अधिक 129 मत मिले।
वार्ड आठ निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप कुमार लल्लन का है। वार्ड के बूथ 14 से प्रदीप कुमार को 127 जबकि भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र को 151 वोट मिले, यहां उनके मत काफी कम रहे। वार्ड 22 के निवासी कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ने मियां अंजाना अपने वार्ड के बूथ 40 से 14 और बूथ 41 से 21 मत ही प्राप्त कर सके। भाजपा प्रत्याशी ने बूथ 40 से 227 और बूथ 41 से 242 हासिल किए।
वार्ड 19 निवासी निर्दलीय प्रत्याशी विष्णु वर्मा को बूथ 35 से 75 और 36 से 12 वोट मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र गुप्ता को बूथ 35 से 275, बूथ 36 से 84 मत मिले। बसपा प्रत्याशी शाहिद हुसैन को उनके वार्ड 23 के बूथ 42 से 18 और बूथ 43 से चार वोट मिले। इसके विपरीत कांग्रेस प्रत्याशी ने बूथ 42 से 164 और बूथ 43 से 307 वोट प्राप्त किए।
ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रत्याशी अकील अहमद को वार्ड 15 के बूथ 28 से 65 वोट मिले। उनके मुकाबले कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ने मियां अंजाना को इस बूथ से 320 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र गुप्ता को वार्ड 11 के बूथ 20 से 194 और बूथ 21 से 154 वोट मिले। उनके वार्ड से अन्य कोई प्रत्याशी सौ मत भी प्राप्त नहीं कर सका।
00000
पहले पति थे सदस्य अब पत्नी ने संभाला मोर्चा
पूरनपुर। नगर पालिका वार्ड सदस्य पद के चुनाव में पिछली बार वार्ड 10 से वाजिद अली सदस्य चुने गए थे। इस बार सीट महिला आरक्षित होने पर उनकी पत्नी शाहजहां बेगम चुनाव जीतीं। वार्ड 15 से पिछली बार तौफीक अहमद कादरी ने चुनाव जीता था। इस बार सीट पिछड़ा महिला होने पर उनकी पत्नी नुसरत परवीन ने पति की राजनीतिक विरासत को संभाल लिया। वार्ड 16 से मुन्नी बेगम, वार्ड 18 से आसिम रजा, वार्ड 25 से मोहम्मद मियां, वार्ड 21 से मुकेश गुप्ता, वार्ड तीन से उदित सिंह दोबारा चुनाव जीते। नगर पालिका बोर्ड के बीते कार्यकाल में भाजपा नेता रोहित मिश्रा नामित सदस्य थे। इस बार उन्होंने वार्ड 17 से जीत हासिल की। वार्ड 14 की नेहा और वार्ड आठ के मोहम्मद शरीफ ने बताया कि चुनाव में जीत उनकी हुई, शुरू में घोषणा गलत हो गई थी। जीत का प्रमाण पत्र उन लोगों को मिला है।
00000
कई धुरंधरों को देखना पड़ा हार का मुंह
पूरनपुर। नगर पालिका सदस्य पद पर फारूक कुरैशी लगातार छह बार सदस्य रहे। इसमें पांच बार चुने गए एक बार नामित हुए। इस बार सीट महिला आरक्षित होने पर उन्होंने पत्नी दुर्दाना बेगम को चुनाव मैदान में उतारा था। दुर्दाना बेगम चुनाव हार गईं। वार्ड 22 से चंद्रसेन वर्मा चार बार लगातार सदस्य रहे। इस बार चुनाव में उनको पराजय का सामना करना पड़ा। वार्ड नौ से पिछली बार महेश आजाद सदस्य चुने गए थे। इस बार वह हार गए।
000000
भाजपा के 11 वार्ड सदस्य प्रत्याशी हारे
पूरनपुर। नगर पालिका के वार्ड सदस्य चुनाव में नगर के 25 वार्डों में 18 में भाजपा ने अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे थे। इसमें से 11 भाजपा प्रत्याशी चुनाव नहीं जीत सके। इसमें चार वार्डों में तो भाजपा प्रत्याशियों की स्थिति बहुत शर्मनाक रही। सपा के सात सदस्य पद के प्रत्याशियों और कांग्रेस के तीन प्रत्याशियों को भी हार का मुंह देखना पड़ा।
00000
बूथ 23 पर 44 मतदाताओं ने नोटा पर लगाई मोहर
नगर पालिका चुनाव में बूथ नंबर 23 पर सर्वाधिक 44 मतदाताओं ने नोटा पर मुहर लगाई। तीस बूथों पर नोटा पर किसी प्रत्याशी ने अपनी मोहर नहीं लगाई।