Pilibhit News: हारे हुए सभासद प्रत्याशी से मारपीट
शहर के बल्लभनगर की है घटना, बाइकें छोड़कर भागे अराजक तत्व
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शहर के बल्लभनगर मोहल्ले में सभासद पद पर चुनाव न जीत पाने वाले प्रत्याशी से अराजक तत्वों ने गाली-गलौज और मारपीट की। मोहल्ले के लोगों की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पुलिस को दो बाइकें मिलीं, जिन्हें सीज कर दिया गया है। पुलिस ने एक किशोर को भी पकड़ा, जिसे बाद में छोड़ दिया गया।
मोहल्ले के अतुल गोयल ने भाजपा से सभासद पद का चुुनाव लड़ा था। उन्हे 582 वोट मिले, प्रतिद्वंद्वी ने 1054 मत प्राप्त कर जीत दर्ज कराई। गोयल अपने घर पर परिवार के साथ थे, उनके मुताबिक इसी बीच तीन बाइकें उनके घर के सामने आकर रुकीं। इससे पहले कुछ भांप पाते अचानक बाइकों पर सवार लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान मोहल्ले के लोग भी एकत्र हो गए।
गाली-गलौज कर रहे लोगों में शामिल एक किशोर को लोगों ने पकड़ लिया, जबकि अन्य लोग भाग गए, इस बीच जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को घटनास्थल से अराजक तत्वों की दो बाइक मिलीं। कोतवाल जगत सिंह ने बताया घटना शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे की है। दोनों बाइकों को सीज कर दिया गया है। पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है। जिस लड़के को पकड़ा गया था, नाबालिग होने के कारण उसे छोड़ दिया गया है।
0000
हारे हुए पक्ष के सामने मनाया जश्न, हुई मारपीट
पीलीभीत। जीत का जश्न जिले में कई स्थानों पर मारपीट में तब्दील हो गया। शहर से सटी पंचायत नौगवां पकडिया के इस्लामनगर और नगर पंचायत जहानाबाद में हारे व जीते हुए प्रत्याशियों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
जिले भर में जुलूस न निकाला जाए इसके लिए पुलिस विभाग काफी सतर्क रहा। इसके बावजूद माहौल जुलूसनुमा ही बना रहा। यही कारण रहा कि कई जगहों पर कहासुनी, तो कही मारपीट जैसी घटनाएं सामने आईं।
शहर की सटी नगर पंचायत नौगवां पकडिया के मजरा इस्लामनगर में जीता हुआ प्रत्याशी हारे हुए प्रत्याशी के घर के सामने ढोल नगाड़ों के साथ पहुंच गया। विरोध करने पर दोनों लोगों में मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद पड़ोसियों ने बमुश्किल दोनों को बचाया। इसके बाद दोनों पक्ष सुनगढ़ी थाने पहुंचे। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
जहानाबाद नगर पंचायत में दो लोगों का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके बाद दोनों ने चुनाव लड़ने की ठान ली। इसमें एक युवक हार गया। वही दूसरे ने जीत दर्ज कर दी। हारे प्रत्याशी को अपनी हार बर्दाश्त नही हुई। ऐसे में उसने जीते हुए प्रत्याशी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। संवाद