Pilibhit News: रुपये दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी
कोर्ट के आदेश पर महिला व उसके पति पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। कंपनी में रुपये जमाकर कुछ वर्षों में दोगुना करने का झांसा देकर युवक से लाखों रुपये ठग लिए गए। जानकारी लगने पर युवक ने मामले की शिकायत की। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पति-पत्नी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदोई निवासी उमाशंकर ने बताया कि गांव का ही उमाशंकर सक्सेना अपनी पत्नी मुन्नी देवी के साथ आया। उसने उसे बताया कि वह आईसीएल म्यूचल बेनीफिटस कारपोरेशन लिमिटेड बरेली में एजेंट है।
जिसकी एक ब्रांच नकटादाना चौराहे पर भी स्थित है। उसने पांच साल में रुपये दोगुना करने की बात कही। दोनों की बात का विश्वास करते हुए 24 जनवरी 2017 को मुन्नी देवी को 25 हजार रुपये दिए। इसके बाद फर्जी रसीद जमा दिखाते हुए रुपये जमा करने का आश्वासन दे दिया गया।
21 नवंबर 2017 को 50 हजार रुपये और दिए गए। इसके बाद 31 दिसंबर को एक लाख रुपये दिए गए। इसके बाद पांच साल पूरे होने के बाद 25 जनवरी 2022 को जब रसीदें दिखाते हुए रुपये वापस मांगे गए, तो अन्य दो किस्तों का रुपया जमा कर मेच्योरिटी पूरी होने की बात कह दी गई।
जनवरी 2023 को जब भुगतान के लिए कहा गया तो मूल पेपर देने पर रुपये देने की बात कही गई। उमाशंकर को जब शक हुआ तो उसने नकटादाना चौराहे पर जाकर देखा। वहां पर कोई ऑफिस नहीं था।
जिसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी की जानकारी का एहसास हुआ। उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने उमाशंकर सक्सेना व उसकी पत्नी मुन्नी देवी के खिलाफ धोखधड़ी समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।



