Pilibhit News: शारदा की बाढ़ से दांव पर लगा नौनिहालों का भविष्य

चंदिया हजारा से गांव राहुल नगर को जाने वाली रास्ता । स्त्रोत – ग्रामीण
पूरनपुर। शारदा नदी की बाढ़ से राहुलनगर मजदूर बस्ती और कॉलोनी नंबर छह के डेढ़ सौ से ज्यादा बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गई है। दो महीने से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। राहुलनगर और कॉलोनी नंबर छह से गांव चंदिया हजारा के रास्ते पर पानी भरा है। नदी के उफनाने पर इस रास्ते पर चार-पांच फुट तक पानी बहने लगता है। यहां के बच्चे चंदिया हजारा पढ़ने जाते हैं।
शारदा नदी के इस ओर गांव चंदिया हजारा में प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूल है। स्कूल में गांव के अलावा राहुलनगर मजदूर बस्ती और कॉलोनी नंबर छह के करीब 150 बच्चे पढ़ने आते हैं। गांव चंदिया हजारा से राहुलनगर होते हुए कॉलोनी नंबर छह तक रोड है। गांव चंदिया हजारा से राहुलनगर करीब तीन किलोमीटर और कॉलोनी नंबर छह पांच किलोमीटर दूर है।
नदी के उफनाने पर इस मार्ग पर चार से पांच फुट तक पानी बहने लगता है। तब लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। बाढ़ का पानी आबादी से निकलने के बाद भी सड़क पर ढाई से तीन फुट तक बहता रहता है। गांव राहुलनगर और कॉलोनी नंबर छह के बच्चे सड़क पर बाढ़ का पानी भरा होने से चंदिया हजारा के स्कूलों में पढ़ने नहीं आ पा रहे हैं। इससे उनकी पढ़ाई चौपट हो गई है। बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से गांव में कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।
००००
बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं ग्रामीण
मेरी पुत्री प्रियंका और भाई की बेटी निशा चंदिया हजारा के स्कूल में पढ़ने जाती हैं। दो महीने से सड़क पर बाढ़ का पानी भरा होने से वे स्कूल नहीं जा पा रहीं हैं। विभाग की ओर से गांव में बच्चों की शिक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। – प्रेेमानंद, राहुलनगर
००००
मेरा पुत्र आयुष मंडल गांव चंदिया हजारा के उच्च प्राथमिक स्कूल में कक्षा छह और पुत्री अक्षया मंडल प्राइमरी स्कूल में कक्षा तीन की छात्रा है। दो महीने से बाढ़ की वजह से बच्चे स्कूल नहीं जा रहे हैं। इससे उनका भविष्य चौपट हो रहा है। गांव में कोई स्कूल नहीं है। – अर्जुन मंडल, राहुलनगर
००००
मेरा बेटा मुश्ताक गांव चंदिया हजारा के प्राइमरी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र है। बाढ़ के कारण मुश्ताक दो महीने में स्कूल नहीं जा पाया है। उसकी पढ़ाई चौपट हो गई है। गांव के और भी बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। गांव में उनकी पढ़ाई का कोई इंतजाम नहीं है। – रहमान, राहुलनगर
वर्जन
गांव राहुलनगर में प्राइमरी स्कूल नहीं है। स्कूल का प्रस्ताव कई बार भेजा गया, लेकिन वन विभाग के अफसर अपनी जमीन होने का दावा करने लगते हैं। विवाद को लेकर राहुलनगर में स्कूल नहीं बन सका। – वासुदेव कुंडू, प्रधान चंदिया हजारा
०००००
बाढ़ आने पर दो, तीन दिन बच्चे जरूर स्कूल नहीं आ पाते हैं। बाढ़ का पानी एक-दो दिन में उतर जाता है। सभी बच्चे स्कूल पढ़ने आ रहे हैं।
– विजय वीरेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी

चंदिया हजारा से गांव राहुल नगर को जाने वाली रास्ता । स्त्रोत – ग्रामीण

चंदिया हजारा से गांव राहुल नगर को जाने वाली रास्ता । स्त्रोत – ग्रामीण

चंदिया हजारा से गांव राहुल नगर को जाने वाली रास्ता । स्त्रोत – ग्रामीण