Pilibhit News: बीसलपुर में 22 हजार लाभार्थियों के नहीं बन सके गोल्डन कार्ड
– 15 हजार बच्चों का टीकाकरण भी नहीं हो सका
– एसडीएम को समीक्षा में स्थिति मिली बेहद खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। उपजिलाधिकारी संदीप यादव ने शुक्रवार को तहसील सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा में स्थिति काफी खराब मिली। सामने आया कि 22 हजार लाभार्थियों के अब तक गोल्डन कार्ड नहीं बन सके हैं।
उपजिलाधिकारी को पता चला कि स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की स्थिति तहसील क्षेत्र में काफी खराब है। इस वजह से लोगों को इन योजनाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। आयुष्मान गोल्डन कार्ड योजना की समीक्षा करने पर पता चला कि इस योजना के तहत 44394 लाभार्थियों के कार्ड बनने थे, लेकिन अब तक केवल 22553 लाभार्थियों कार्ड बन पाए हैं। करीब 22 हजार लाभार्थियों के कार्ड नहीं बन पाए हैं।
नियमानुसार 31 मई तक सभी लाभार्थियों के कार्ड बन जाने चाहिए। उन्होंने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और वंचित लाभार्थियों के कार्ड अतिशीघ्र बनाने के निर्देश दिए। टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा में पता चला कि 45 हजार बच्चों का टीकाकरण होना था, लेकिन अब तक मात्र 30 हजार बच्चों का ही टीकाकरण हो पाया है। उन्होंने कहा कि माह सितंबर और अक्तूबर में मिशन इंद्रधनुष योजना चलाई जाएगी, जिसमें छूटे हुए बच्चों का प्रत्येक स्थिति में टीकाकरण कराया जाए।
बैठक में तहसीलदार करन सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. लेखराज गंगवार, पीलीभीत से आए विश्व स्वास्थ्य संगठन के डॉ. विपिन मिश्रा, ब्लॉक मानीटर प्रभाकर भारद्वाज, स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी गोकरनलाल, आयुष्मान गोल्डन कार्ड के पटल प्रभारी सुशील कुमार, बेसिक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ एआरपी मुईन अहमद खां, नगरपालिका के सफाई निरीक्षक वीरेंद्र विक्रम सिंह और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की ब्लॉक अध्यक्ष ममता गंगवार मौजूद रहे।



