Pilibhit News: जिले में बनेगा राजकीय नर्सिंग कॉलेज
– खाग में मेडिकल कॉलेज के पास ही होगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। स्वास्थ्य के क्षेत्र में कॅरियर तलाश रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने राजकीय नर्सिंग कॉलेज बनाए जाने के लिए जिम्मेदारों को जमीन तलाशने के लिए चिट्ठी भेजी है। नर्सिंग कॉलेज का निर्माण मेडिकल कॉलेज के आस-पास ही कराया जाना है। नर्सिंग कॉलेज के बनने से चिकित्सकों के अलावा अब नर्सिंग स्टाफ की कमी नहीं रहेगी।
मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने के बाद से ही स्वास्थ्य सुविधा के बेहतर होने के आसार नजर आने लगे थे। अब राजकीय नर्सिंग कॉलेज के लिए जमीन तलाशने के लिए पहुंचे पत्र ने चार चांद लगा दिए हैं। बृहस्पतिवार को शासन की ओर से मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को पत्र भेजा गया। पत्र में कहा गया है कि स्वशासी मेडिकल कॉलेज से अटैच राजकीय नर्सिंग कॉलेज बनाया जाना है। इसके लिए जमीन को देखकर अवगत कराया जाए। जिससे आगे की प्रक्रिया शुरू हो सके।
नर्सिंग कॉलेज बनने से युवा अब जीएनएम, बीएसएसी नर्सिंग के अलावा विभिन्न कोर्स कर सकेंगे। ऐसे में युवाओं को स्वास्थ्य क्षेत्र में कॅरियर बनाने के अवसर बढ़ जाएंगे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.संजीव सक्सेना ने बताया कि शासन का पत्र मिलने के बाद जमीन तलाशी जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही जमीन मिल जाएगी और इसके निर्माण की कवायद शुरू हो जाएगी। इससे युवाओं को तो मौका मिलेगा, साथ-साथ स्वास्थ्य से संबंधी सेवाएं भी सुधरेंगी।
00
एक एकड़ में बनेगा नर्सिंग कॉलेज
शासन की ओर से प्राचार्य को भेजे गए पत्र में बताया गया कि जमीन खाग में बन रहे मेडिकल कॉलेज के पास में होनी चाहिए। रकबा एक एकड़ से कम न हो। प्राचार्य ने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। जिससे राजस्व की टीम जमीन चिह्नित कर अवगत कराए और आगे की प्रकिया शुरू हो।
00
जिला अस्पताल में कम हैं नर्स
जिला अस्पताल में नर्सों की संख्या कम है। कुल 31 पद नर्स के लिए निर्धारित हैं, जबकि इसके सापेक्ष महज 25 ही नियुक्त हैं। इसमें भी एक तो मैटर्न का जिम्मा संभालती हैं। ऐसे में मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। वहीं मेडिकल कॉलेज बनने से नर्सों की आवश्यकता भी बढ़ेगी। इतनी नर्सों से काम नहीं चल सकता। नर्सिंग कॉलेज इस समस्या को दूर करने में सहायक साबित होगा।



