Pilibhit News: स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मारा छापा, क्लीनिक बंद कर भागे झोलाछाप

गांव लिलहर में क्लीनिक पर स्वास्थ विभाग की टीम ने नोटिस किया चस्पा । संवाद
बिलसंडा। क्षेत्र के गांव लिलहर में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने झोलाछापों के खिलाफ अभियान के तहत छापा मारा। टीम के आने की भनक लगने पर झोलाछाप पहले ही क्लीनिक बंद कर भाग गए। नायब तहसीलदार और सीएचसी अधीक्षक ने पांच क्लीनिकों पर कारण बताओ नोटिस चस्पा करा दिया।
क्षेत्र में 50 से अधिक झोलाछापोंं के क्लीनिक संचालित हैं। शनिवार को नायब तहसीलदार अवधेश कुमार और सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनीश राज शर्मा स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ गांव लिलहर पहुंचे। चूंकि झोलाछाप की स्वास्थ्य विभाग में गहरी पैठ रहती है, लिहाजा उन्हें टीम के आने की पहले ही खबर मिल गई। लिहाजा वे क्लीनिक बंद कर भाग गए। इस पर टीम ने सूरज, विजय, अनिल, बनवारी और रामलखन के क्लीनिक पर कारण बताओ नोटिस चस्पा करा दिया।
वर्जन-
गांव लिलहर में संचालित अवैध क्लीनिकों पर छापा मारा गया था। जो लोग क्लीनिक बंद कर भाग गए, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। – डॉ. मनीश राज शर्मा, सीएचसी अधीक्षक बिलसंडा।