Pilibhit News: गन्ना किसानों से कटौती के प्रस्ताव पर जमकर हुआ हंगामा

पूरनपुर में सहकारी गन्ना विकास समिति की बैठक कोे संबोधित करते पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत सिह । संव
पूरनपुर। सहकारी गन्ना विकास समिति की सामान्य निकाय की बैठक में कटौती के प्रस्ताव पर जमकर हंगामा हुआ। सदस्यों ने कहा कि गन्ना मूल्य नहीं बढ़ रहा है, लागत लगातार बढ़ती जा रही है। किसान परेशान हैं। पहले गन्ना मूल्य पांच सौ रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए, इसके बाद कटौती पर विचार होगा। विरोध के चलते कटौती का प्रस्ताव पास नहीं हो सका।
बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों की आदर्श उप विधियों को सहकारी गन्ना एवं चीनी मिल समितियों की प्रतिमान उपविधियों में अंगीकार करने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। पूर्व संचालक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सहकारी गन्ना एवं चीनी मिल समितियों की प्रतिमान उपविधियों में अंगीकार करने के बिंदु पर अधिकांश लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
विरोध कर रहे सदस्यों ने कहा कि इसकी पूरी जानकारी पहले ही सभी को देनी चाहिए। सहकारी गन्ना समिति सचिव आरपी कुशवाहा ने कहा कि सरकार का आदेश है। इसमें किसी को कोई नुकसान नहीं है। समिति सचिव ने बताया कि यह प्रस्ताव पास कर दिया गया। मुख्यमंत्री गन्ना किसान संपूर्ण समाधान योजना और गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लिए एक-एक रुपये प्रति क्विंटल की कटौती के प्रस्ताव पर लोगों ने जमकर हंगामा किया। कहा कि गन्ना मूल्य बढ़ नहीं रहा है। लागत से किसान परेशान है।
फैसल खां ने गन्ना मूल्य पांच सौ रुपये घोषित होने का प्रस्ताव रखा। इस पर अधिकांश लोगों ने कहा कि पहले गन्ना मूल्य पांच सौ रुपये घोषित हो। उसके बाद कटौती पर विचार होगा। संचालन समिति सचिव आरपी कुशवाहा और अनिल शुक्ला ने किया। पूर्व चेयरमैन श्रीकांत सिंह, लक्ष्मीकांत भारद्वाज, पूर्व चीनी मिल उपाध्यक्ष नूर मोहम्मद, हरदेव सिंह, सतेंद्र सिंह, स्वदेश सिंह यादव आदि ने विचार रखे।
००००००००
कटौती का समर्थन करने वालों के भाकियू जारी करेगी पोस्टर
पूरनपुर। भाकियू (टिकैत) और भाकियू (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने जिला गन्ना अधिकारी को संबोधित ज्ञापन गन्ना समिति सचिव को सौंपे। ज्ञापनों में कटौती पर रोष व्यक्त किया गया। भाकियू के प्रदेश सचिव स्वराज सिंह ने कहा कि कटौती का जो समर्थन करेगे। भाकियू उनके पोस्टर जारी कर लोगों को बताएगी कि कटौती का समर्थन करने वाले किसानों के कितने हितैशी है। भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा कि कटौती किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पूरनपुर में सहकारी गन्ना विकास समिति की बैठक कोे संबोधित करते पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत सिह । संव