Pilibhit News: जब्त गन्ना मूल्य के भुगतान के मामले में नहीं हो सकी सुनवाई
बीसलपुर। एसडीएम का तबादला हो जाने की वजह से शुक्रवार को जब्त गन्ना मूल्य के भुगतान के मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। अगली सुनवाई कब होगी, यह भी अभी तय नहीं है।
करीब दो वर्ष पहले तत्कालीन जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र मिश्र के निर्देश पर सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव आरपी कुशवाहा ने समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 25 से अधिक गन्ना आपूर्तिकर्ताओं का गन्ना मूल्य जब्त कर एसडीएम कोर्ट में जमा करा दिया था। इनमें से 13 लोगों ने खुद को गन्ना किसान बताते हुए एक पखवाड़ा पूर्व एसडीएम न्यायालय में वाद दायर कर जब्त गन्ना मूल्य के भुगतान की मांग की थी।
इस पर एसडीएम संदीप यादव ने मामले की सुनवाई के लिए 28 जुलाई की तिथि नियत की थी। उन्होंने सभी वादकारियों और सहकारी गन्ना विकास समिति के सचिव आरपी कुशवाहा को 28 जुलाई को अपने न्यायालय में पेश होने का आदेश दिया था। इसी बीच एसडीएम का तबादला हो गया।
उनके स्थान पर नए एसडीएम आ गए हैं, लेकिन शुक्रवार को मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। नवागत एसडीएम सचिन राजपूत ने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नही है। पत्रावली का अवलोकन करने के बाद जल्द इस मामले की सुनवाई की जाएगी।