Pilibhit News: सीसीटीवी की निगरानी में होंगी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं
पीलीभीत। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी। प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए शासन ने तिथियां और गाइडलाइन जारी कर दी है।
जिले में 25 जनवरी से एक फरवरी के बीच प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में कराए जाने की तैयारी है। प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के बाद पूरी रिकॉर्डिंग डीबीआर में सुरक्षित रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर उसको देखा जा सके। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा पिछले वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर प्रोजेक्ट कार्य के आधार कराई जाएगी।
हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन) नैतिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा व इंटरमीडिएट की खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालयों के प्रधानाचार्य के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए 10 जनवरी तक वेबसाइट क्रियाशील हो जाएगी। विद्यालय स्तर पर होने वाली कक्षा 12 की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं पांच से 12 जनवरी के बीच होंगी। विद्यालय स्तर पर कक्षा नौ व 11 की वार्षिक परीक्षाएं व कक्षा 10 व 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षा 13 से 22 जनवरी के बीच संबंधित कॉलेजों में कराई जाएंगी। डीआईओएस गिरजेश कुमार चौधरी ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर कॉलेज के प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।