Pilibhit News: महिला अस्पताल के फार्मासिस्ट के घर में चल रहा अस्पताल, नवजात की मौत
पूरनपुर। महिला अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट अपने घर में ही अस्पताल चला रहा है। महिला अस्पताल में प्रसव के लिए पहुंचने वाली महिलाओं को दलालों के माध्यम से फार्मासिस्ट के घर में चल रहे अस्पताल में ले जाया जाता है। गांव भगवंतापुर के कामता प्रसाद की पत्नी को भी फार्मासिस्ट के घर ले जाया गया, यहां ऑपरेशन के दौरान नवजात की मौत हो गई। कामता प्रसाद ने मुख्यमंत्री, मंडलायुक्त, डीएम, सीएमओ को शिकायती पत्र भेजा है। सीएमओ ने शिकायत की जांच शुरू कराई है।
गांव भगवंतापुर निवासी कामता प्रसाद ने मुख्यमंत्री और अफसरों को भेजी शिकायत में कहा है कि पत्नी सोनी देवी को प्रसव पीड़ा के चलते आठ अगस्त को एंबुलेंस से महिला अस्पताल लेकर पहुंचा था। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने पत्नी को देखकर प्रसव अस्पताल में न होने की जानकारी देकर बड़े अस्पताल ले जाने को कहा। पत्नी को लेकर महिला अस्पताल के बाहर निकलने पर एक महिला ने पास के डॉ. बंगाली के निजी अस्पताल की जानकारी दी और वहां ले गई। बताया कि यह अस्पताल फार्मासिस्ट का है।
फार्मासिस्ट ने पत्नी को भर्ती कर लिया और कहा कि चिंता की बात नहीं प्रसव करा दूंगा। 15 हजार रुपये जमा करो। शिकायत में कहा गया कि पांच हजार रुपये उसने जमा कर दिए। आरोप है कि इसके बाद ऑपरेशन से प्रसव कराने पर बच्चे की मौत हो गई। शिकायत में कहा गया कि इसके बाद पत्नी के जेवर गिरवी रखकर अस्पताल संचालक को 19,200 रुपये का भुगतान किया।
००००००
पहले एक महिला ने अस्पताल के समीप चीफ फार्मासिस्ट के घर में अस्पताल चलाने, प्रसव के दौरान बच्चे की मौत होने की शिकायत पर एसीएमओ से जांच कराई गई थी, लेकिन शिकायतकर्ता ने ही शिकायत न करने का नोटरी शपथ पत्र दे दिया। एसीएमओ को जांच में भी साक्ष्य नहीं मिले। इस शिकायत की भी जांच कराई जाएगी। – डॉ. आलोक शर्मा, सीएमओ