Pilibhit News: असम चौराहे से कचहरी तक सड़क की पटरी कराई जाए चौड़ी

लोक निर्माण गेस्ट हाउस पर जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक करते डीएम व एसपी । स्रोत – सूचना
पीलीभीत। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने शुक्रवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में जनप्रतिनिधियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक की। जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान कराने की मांग की।
सांसद प्रतिनिधि दीपक पांडेय नवदिया सितारगंज की जर्जर रोड, शिवनगर ब्लाॅक ललौरीखेडा की टूटी पुलिया, गौनेरा से किशनपुर तक खराब रोड़ खराब सड़क के बारे में बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने असम चौराहे से कचहरी तक सड़क की पटरी को चौड़ा करने, गौहनिया तालाब के पास ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि एवं सुरक्षित जगह पर स्थापित कराने को कहा।
विधायक बीसलपुर विवेक कुमार वर्मा ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ऑडिटोरियम बनाए जाने को कहा। विधायक बरखेडा स्वामी प्रवक्तानंद ने छुट्टा गोवंशों के संरक्षण के लिए गोशाला का निर्माण कराने की बात रखी। इस मौके पर एमएलसी पीलीभीत-शाहजहाॅपुर डॉ. सुधीर गुप्ता, पूरनपुर चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता, एसपी अतुल शर्मा, सीडीओ धर्मेंद्र प्रताप सिंह, एडीएम राम सिंह गौतम आदि मौजूद रहे।