Pilibhit News: गैस सिलेंडर के लीक होने से घर में लगी आग, लाखों का नुकसान

मोहल्ला देश नगर में घर के बाहर लगी भीड़। संवाद
पीलीभीत। शहर के मोहल्ला देशनगर में चंदन के घर में गैस सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। इससे घर में रखा लाखों का सामान जल कर राख हो गया। जानकारी मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
देशनगर निवासी चंदन ने बताया है कि वह शहर के ही वाटर प्लांट पर काम करते हैं। उनके चाचा हरिओम की मौत कुछ समय पूर्व हो गई थी। चाचा और उनके परिवार के सभी लोग एक ही घर में अलग-अलग कमरों रहते हैं। सोमवार को वह अपने काम पर चला गया। उसकी पत्नी रजनी बच्चे को टीका लगवाने जिला अस्पताल गईं थीं। घर पर चाची जोगरानी थीं।
वह बच्चों के लिए खाना बना रही थीं। इसी दौरान सिलिंडर लीक हो जाने से आग लग गई। इसके बाद वह भाग कर बाहर आईं और चिल्लाकर मोहल्लों के लोगों को इकट्ठा किया। तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। मोहल्ले के ही किसी युवक ने मामले की सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल के आने तक मोहल्ले के लोग पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे। दमकल की दो गाड़ियोंं के मौके पर पहुंचने पर आग पर काबू पाया जा सका।
नवाबगंज से भी बुलानी पड़ी एक गाड़ी
आग इतनी भीषण थी कि पहले शहर की दो गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास करती रहीं, लेकिन जब आग पर नियंत्रण नहीं हो सका, तो नबावगंज से भी एक गाड़ी बुलाना पड़ी। इसके बाद आग बुझ सकी।
दो घरों का सामान राख
चंदन ने बताया है कि अभी कुछ दिन पूर्व ही उसकी एक बीमा की पॉलिसी पूरी हुई थी। इससे मिले 2.50 लाख रुपये भी घर में रखे थे। इसके अलावा चार सिलेंडर, फ्रिज, कूलर, पंखा, वर्तन, बिस्तर, कपड़े समेत सारा सामान जल कर राख हो गया है। दो पालतू तोते भी जलकर मर गए।

मोहल्ला देश नगर में घर के बाहर लगी भीड़। संवाद



