Pilibhit News: कड़ाके की सर्दी में अंडरपास से पानी से होकर गुजरें, विरोध करें तो मुकदमा

दुधियाखुर्द अंडरपास से निकलता बाइक सवार । संवाद
पूरनपुर। कड़ाके की सर्दी में अंडरपास से लोग पानी के बीच से गुजर रहे हैं। अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। दुधियाखुर्द स्टेशन पर विरोध किया तो मुकदमा झेलना पड़ा। दुधियाखुर्द व आसपास के छह अंडरपास में पानी भरा है। रेल अधिकारी समस्या के समाधान के लिए तत्पर नहीं दिख रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे के दुधियाखुर्द रेलवे स्टेशन के समीप बने अंडरपास में ही नहीं अमान परिवर्तन के बाद सेहरामऊ से शाहगढ़ तक बने सभी छह अंडरपास में जलभराव की समस्या है। बरसात में तो चार से पांच फुट तक जलभराव होने से यहां आवागमन बंद हो जाता है। अंडरपास में जलभराव से करीब तीन सौ गांव के लोगों को आवागमन में असुविधा होती है।
मैलानी से पीलीभीत तक शुरू हुए रेलवे के अमान परिवर्तन में अधिकांश रेलवे क्रॉसिंग के स्थानों पर अंडरपास बनाए गए। मैलानी से सेहरामऊ स्टेशन के बीच दो, सेहरामऊ स्टेशन के पूरब में एक, दुधियाखुर्द में स्टेशन के पूर्वी क्रॉसिंग पर एक, पूरनपुर से शाहगढ़ के बीच शाहगढ़ स्टेशन के पूरब में खन्नौत नदी की क्रॉसिंग पर एक, हरदोई ब्रांच नहर और स्टेशन के पश्चिम में एक-एक अंडरपास बना हुआ है।
सभी छह अंडरपास में शुरू से ही जलभराव होने से लोगों को आवागमन मेंं असुविधा हो रही है। इन अंडरपास से करीब तीन सौ गांवों के लोगों की आवाजाही होती है। समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार अलग-अलग स्थानों पर धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने नहीं सुनी तो दो दिन पूर्व दुधियाखुर्द स्टेशन पर ट्रेन रोक ली। इसके बाद प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। बावजूद इसके अब तक इन अंडरपास से पानी निकालने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
दुधियाखुर्द में बने अंडरपास से करीब 40 गांव के लोगों का आवागमन होता है। जब से अंडरपास बना है। तब से उसमें जलभराव की समस्या है।राहगीर अंडरपास में आवागमन के समय गिरकर चोटिल हो रहे हैं। – दलवीर सिंह, केसरपुर
अंडरपास में जलभराव से अक्सर हादसे होते रहते हैं। वाहन पानी में डूबकर खराब हो रहे हैं। हाल में शेरपुरकलां का एक कपड़ा व्यापारी गिरकर चोटिल हो गया था। बाद में उसकी मौत हो गई। स्टेशन के समीप की दूसरी क्रॉसिंग बंद होने से कई गांव का यही एक मात्र रास्ता है। – बलजीत सिंह, गदियाना
पहले रेलवे क्रॉसिंग थी। तब ट्रेनों के आवागमन के समय क्रॉसिंग बंद होने पर रुकना पड़ता था, लेकिन आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं थी। अब अंडरपास में जलभराव से लोगों को पानी में घुसकर या फिर कई किलोमीटर चक्कर काटकर दूसरी तरफ से जाना पड़ रहा है। -इमरान खान, जादौपुर गहलुइया

दुधियाखुर्द अंडरपास से निकलता बाइक सवार । संवाद

दुधियाखुर्द अंडरपास से निकलता बाइक सवार । संवाद

दुधियाखुर्द अंडरपास से निकलता बाइक सवार । संवाद