पीलीभीत

Pilibhit News: तीन मोहल्लों में 36 घंटे से बिजली गुल, गर्मी से बिलबिला रहे लोग

Connect News 24

पीलीभीत। ऊर्जा निगम के अधिकारियों की लापरवाही और कामचलाऊ व्यवस्था के चलते बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। शहर को 24 घंटे बिजली देने के सरकार के आदेश का यहां पालन नहीं हो रहा है। लोगों को 18 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। शहर के तीन मोहल्ले में 36 घंटे से बिजली संकट बना हुआ है। लोग भीषण गर्मी में पानी के लिए भी तरस रहे हैं।

शहर के मोहल्ला बागगुलशेर खां, पूरनमल और कुंवरगढ में बुधवार देर शाम से बिजली प्रभावित है। पहले यहां मामूली फॉल्ट से बिजली गुल हुई तो कुछ देर बाद ही फॉल्ट दूर कर सुचारू कर दी गई। इसके बुधवार रात ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई। इसे ठीक करने में कई घंटे लग गए। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद लोगों को तीन-चार घंटे ही बिजली मिल पाई कि फिर से ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई।

इसके बाद न्यूरिया से एक ट्रांसफार्मर मंगाया गया। इसे लगाकर आपूर्ति सुचारू कराने की कोशिश की गई, लेकिन बिजली नहीं आई। इससे शहर करीब एक हजार घरों में अंधेरा है। लोग पानी के लिए भी तरस रहे हैं। तमाम लोगों ने तो जनरेटर से अपने सबमर्सिबल पंप चलाकर पानी के टैंक भरे। लोगों ने बिजली न आने पर जब अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करने शुरू किए तो उन्होंने कॉल रिसीव करनी ही बंद कर दी।

शिकायतों का फर्जी निस्तारण कर रहे अफसर

बिजली चालू न होने पर कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल और ट्विटर पर शिकायत की। इस पर अधिकारियों से स्थिति की जानकारी मांगी गई तो शिकायतों का फर्जी निस्तारण कर दिया गया। बिजली आपूर्ति तो सुचारू नहीं हो सकी, लेकिन ऑनलाइन शिकायतें दूर कर दी गईं।

इन मोहल्लों में भी है बिजली संकट

पंजाबियान, पूरनमल, कुंवरगढ़, बागगुलशेरखां, नौगवां पकड़िया, अवधनगर, एकतानगर, लाल रोड, अग्रवाल सभा, मदीनाशाह, खकरा चौकी, आयुर्वेदिक कॉलेज, मुख्य बाजार, नई वस्ती, आवास विकास कॉलोनी, निरंजनकुंज, सिविल लाइंस आदि मोहल्लों में बिजली संकट बना हुआ है।

वर्जन:

दूधिया मंदिर साइड में अब नया ट्रांसफार्मर लगवा दिया गया है। अब वहां किसी तरह की कोई भी समस्या नहीं है। जिन जगहों से फॉल्ट की जानकारी मिल रही है, उन्हें तत्काल सही कराया जा रहा है। – ज्ञानेंद्र सिंह , एक्सईएन पीलीभीत


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button