Pilibhit News: उद्योगपति हजारों करोड़ लोन लेकर भाग गए, आम लोगों को देना पड़ता है चढ़ावा

जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते सांसद वरूण गांधी । स्रोत – सांसद प्रतिनिधि
कलीनगर (पीलीभीत)। सांसद वरुण गांधी ने रविवार को कलीनगर तहसील के कई गांवों का दौरा कर जनसभाएं कीं। अपने संबोधन में उन्होंने देश की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाकर सरकार को घेरा। कहा- उद्योगपति हजारों करोड़ का लोन लेकर भाग गए, जबकि आम लोगों को लोन लेने के लिए टेबल के नीचे से चढ़ावा देना पड़ता है।
सांसद वरुण गांधी ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन रविवार को कलीनगर कस्बे में जनसंवाद कार्यक्रम में कहा कि आज एक करोड़ सरकारी पद खाली हैं, आखिर ऐसा क्यों है। भर्ती क्यों नहीं की जा रही है। मौजूदा समय में गांव-गांव में बेराेजगारी है। लोग अपने परिवार को छोड़कर 500-500 किलोमीटर दूर कमाने जाते हैं।
सांसद ने कहा कि अस्पताल में अगर कोई सेठ पहुंच जाए तो उसकी खिदमत में सब लग जाते हैं। बेड मिल जाता है, लेकिन अगर गरीब दवा लेने जाए तो उसकी कोई नहीं सुनता। उसका फर्श पर इलाज होता है। लोन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सांसद ने कहा कि बड़ा दुर्भाग्य है कि करोड़ पतियों को आसानी से लोन मिल जाता है, लेकिन एक आम आदमी को लोन के लिए चक्कर लगाने पड़ते हैं। रिश्वत देनी पड़ती है, ऐसा क्यों।
संविदा कर्मचारियों के हक में बोलते हुए सांसद ने कहा कि यह जो आशा, आंगनबाड़ी, शिक्षामित्र हैं, खून के आंसू रो रहे हैं। नियमित करने, मानदेय बढ़ने की बात तो की जाती है पर होता कुछ नहीं। नई नौकरी नहीं दी जा रहीं हैं। प्राइवेट संस्थाओं के माध्यम से भर्ती की खानापूर्ति की जा रही है, जब चाहें रखें, जब चाहें हटा दें। यह व्यवस्था इस देश में चल रही है। न तो अधिकारी ही सुनते हैं और न ही अन्य जिम्मेदार।
सांसद ने 168 छात्र-छात्राओं को बांटे टेबलेट
गुलाब टांडा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में रविवार को टेबलेट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सांसद वरुण गांधी बताैर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कॉलेज के अंतिम वर्ष के 168 छात्र-छात्राओं को टेबलेट वितरित किए। इस दौरान प्रधानाचार्य यक्ष प्रकाश आर्य, अजैब गुप्ता आदि मौजूद रहे।

