पीलीभीत

Pilibhit News: प्रशिक्षण से नदारद सात शिक्षकों पर रिपोर्ट के निर्देश

Connect News 24

– निकाय चुनाव को लेकर बुधवार को दो पालियों में कराया गया था प्रशिक्षण

संवाद न्यूज एजेंसी

पीलीभीत। 11 मई को होने वाले नगर निकाय मतदान को लेकर बुधवार को पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों (प्रथम) का दो पालियों में प्रशिक्षण हुआ। जिसमें पूरनपुर, ललौरीखेड़ा, बरखेड़ा और बिलसंडा ब्लॉक के सात शिक्षक बिना सूचना के नदारद रहे। डीएम ने अनुपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सहायक अध्यापकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए भी कहा है।

बेनहर पब्लिक स्कूल में बुधवार को पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों (प्रथम) को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण के दौरान पूरनपुर ब्लॉक के सहायक अध्यापक देवेंद्र प्रकाश बाजपेई, राजेश लोधी, ललौरीखेड़ा ब्लॉक के प्रदीप कुमार और मोहित पांडे जो कि पीठासीन अधिकारी हैं, बिना बताए अनुपस्थिति रहे।

इसके अलावा बिलसंडा ब्लॉक के सहायक अध्यापक सुरेंद्र कुमार गंगवार, बरखेड़ा के वीरपाल और राजेश कुमार भी नदारद रहे। यह लोग मतदान अधिकारी प्रथम बनाए गए हैं। अब बिना बताए नदारद शिक्षकों के खिलाफ जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने सीडीओ को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल प्रभाव से सहायक अध्यापकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने के लिए कहा है।

मुख्य विकास अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अनुपस्थित सहायक अध्यापकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। यदि आगे भी बिना सूचना कोई गायब रहता है, तो उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button