Pilibhit News: जांच में बिना मान्यता के मिले 34 स्कूल
106 स्कूलों में मान्यता के बावजूद निर्धारित से अधिक हो रहा था कक्षाओं का संचालन
विभाग ने जारी किया नोटिस, बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद कराने की कवायद शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिले में चलाए गए अभियान में 34 स्कूल ऐसे सामने आए हैं जिनके पास मान्यता नहीं थी, साथ ही 106 स्कूल ऐसे सामने आए हैं जिनके पास मान्यता तो थी लेकिन वहां निर्धारित से अधिक कक्षाओं का संचालन हो रहा था। विभाग ने सभी स्कूल संचालकों को नोटिस जारी करते हुए अवैध कक्षाएं और बिना मान्यता वाले स्कूलों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में संचालित अवैध स्कूलों, कॉलेजों पर नकेल कसने के लिए शासन ने दिशा-निर्देश जारी किए थे। डीआईओएस की ओर माध्यमिक स्कूलों का सत्यापन कराया गया तो वहीं बीएसए ने खंड विकास अधिकारियों से सत्यापन कराया।
बीएसए के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा किए गए सत्यापन के मुताबिक अमरिया में 27, पूरनपुर में 32, मरौरी में 25, बीसलपुर में चार, बरखेड़ा में आठ, ललौरीखेड़ा में दो और बिलसंडा में 10 ऐसे स्कूल सामने आए जहां मान्यता के बावजूद निर्धारित से अधिक कक्षाओं का संचालन हो रहा था।
इसमें कुछ स्कूलों की मान्यता कक्षा पांच तक की थी, लेकिन कक्षाएं आठ तक चलाई जा रहीं थीं तो कुछ स्कूलों की मान्यता आठ तक थी पर कक्षाएं नौ और 10 की भी संचालित हो रहीं थी। इसके अलावा अमरिया में पांच, पूरनपुर में 25 और मरौरी में चार स्कूल बिना मान्यता के मिले हैं।
–
स्कूल प्रबंधकों को नोटिस जारी
मान्यता के बावजूद निर्धारित से अधिक कक्षाएं संचालित करने व बिना मान्यता स्कूल संचालन करने वाले स्कूल प्रबंधकों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर दोबारा इसी तरह से मनमानी मिली तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही जुर्माना लगाया जाएगा। विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई से स्कूल संचालकों में खलबली मच गई है।
–
अवैध कॉलेज पर लग चुका लाख का जुर्माना
शासन के निर्देश पर डीआईओएस ने माध्यमिक विद्यालयों की जांच कराई, जिसमें मरौरी ब्लाॅक क्षेत्र में एक स्कूल बिना मान्यता के चलता हुआ पाया गया था, जिसको तत्काल बंद करा दिया गया। साथ ही स्कूल संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था। अब बेसिक स्कूलों की जांच में 140 से अधिक स्कूलों का फर्जीवाड़ा सामने आया है।
–
खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा कराए गए सत्यापन में 34 स्कूल बिना पंजीकृत और 106 स्कूल मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित करते हुए सामने आए हैं। सभी को नोटिस जारी करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-अमित कुमार सिंह, बीएसए