Pilibhit News: एंबुलेंस का एक्सल टूटने से स्टेशन रोड पर लगा जाम

पूरनपुर के स्टेशन रोड पर एंबूलेंस खराब होने से लगा जाम । संवाद
पूरनपुर। दीपावली पर खरीददारों की भीड़ बढऩे से नगर में जाम की झाम में लोगों को फंसना पड़ रहा है। मंगलवार को सीएचसी के समीप एंबुलेंस का एक्सल टूटने से आधा घंटा तक कोतवाली, ब्लाॅक रोड पर जाम लगा रहा। इससे वाहन चालकों, राहगीरों को काफी असुविधा हुई।
दीपावली नजदीक आने पर नगर के स्टेशन रोड पर अब तक चार पाहिया वाहनों का आवागमन दिन में बंद नहीं किया गया है। जगह-जगह सड़क किनारे खड़े वाहन, दुकानों के बाहर सामान रखकर किया गया अतिक्रमण, चालकों के मनमाने ढंग से जगह-जगह ई रिक्शा खड़ा करने से नगर के स्टेशन रोड, ब्लॉक रोड, ब्लाॅक चौराहा, स्टेट बैंक के समीप, बाजार रोड, शेरपुर रोड, स्टेशन चौराहा के समीप अक्सर जाम लगता है।
मंगलवार को सीएचसी से निकली एंबुलेंस का सीएचसी गेट के समीप एक्सल टूट गया। इससे जाम लगने के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। ब्लाॅक रोड पर भी लोगों को जाम की झाम में फंसना पड़ा। करीब आधा घंटे बाद खींचकर एंबुलेंस को सीएचसी परिसर में करने पर जाम खुला। मगर वाहनों की लंबी लाइन से करीब पौन घंटे तक लोग जाम की समस्या से जूझते रहे।