Pilibhit News: छात्र का शव रखकर लगाया जाम

बीसलपुर में जाम लगाने वालो को समझाते सीओ और विघायक । संवाद
परिजन बोले- नाले में डूबकर नहीं हुई मौत, मारा गया, विधायक के आश्वासन पर माने परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। नाले में छात्र का शव मिलने के बाद दूसरे दिन परिजनों ने शव डिग्री कॉलेज रोड पर रखकर जाम लगा दिया। परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों और विधायक ने परिजनों को मनाया। उनके हटने के बाद यातायात सुचारू हो सका।
गांव नवदिया सितारगंज निवासी प्रेमशंकर राठौर ने बताया कि उनका पुत्र अंकित (16) तीन नवंबर को जनता टेक्निकल इंटर कॉलेज में पढऩे गया था। लौटते समय वह रहस्यमय हालात में लापता हो गया।
प्रेमशंंकर ने चार नवंबर को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। पांच नवंबर की शाम तक अंकित का सुराग न लगने पर पुलिस ने पहले से ही गुमशुदगी को अपहरण में तरमीम कर लिया। पुलिस ने सोमवार की सुबह डिग्री कॉलेज रोड पर महेंद्र नगर कॉलोनी के मुख्य द्वार के सामने स्थित नाले से छात्र का शव बरामद कर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अंकित की पानी में डूबने से मौत का बात सामने आई। घरवालों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर अविश्वास जताते हुए मंगलवार को सुबह ग्रामीणों के साथ बीसलपुर- बरेली रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया।
घर वालों का आरोप था कि पुत्र की हत्या कर शव नाले में फेंका गया है। भाजपा विधायक विवेक वर्मा, पुलिस क्षेत्राधिकारी सतीश शुक्ला, कोतवाल अशोक पाल और नायब तहसीलदार रमेश चंद्र ने मौके पर पहुंचकर घर वालों से वार्ता की।
घर वालों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और आवासीय पट्टा दिलाने की मांग की। विधायक और अधिकारियों ने उनकी मांगें पूरी कराने के मामले में अपने स्तर से हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। तब परिजन माने।
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। काफी देर तक जाम लगा होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गईं।