Pilibhit News: बरखेड़ा में घर से ढाई लाख के जेवर चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sat, 01 Jul 2023 11:58 PM IST
पीलीभीत। बरखेड़ा क्षेत्र के गांव ललौरगुदरानपुर निवासी रामप्रताप के घर से चोरों ने ढाई लाख रूपये के जेवर चुरा लिए। चोरों ने नहर के पास कुछ सामान फेंक दिया। ग्रामीणों ने सुबह नहर पर सामान व कुछ कागजातों को देखा तो परिवार के लोगोें को सूचना दी। इसके बाद परिवार वालों ने चोरी की तहरीर पुलिस को दी।
ललौरगुदरानपुर निवासी कृष्ण चंद्र ने बताया है कि उसके बड़े भाई रामप्रताप देहरादून में काम करने के लिए गए थे। उनकी पत्नी रामलली गांव मेें बने मकान में रह रही थी। 25जून को पत्नी जिला बरेली के थाना भुता क्षेत्र के गांव रूपापुर अपने मायके गई हुई थी। उसी रात अज्ञात चोरों ने प्राइमरी स्कूल की तरफ की दीवार को काटकर घर में घुस गए।
यहां अलमारी में रखे तीन जोड़ी पायल, एक जोड़ी झाले, एक जाेड़ी हाथ का खडुआ, झुमकी, तीन पैडिल का सोने का हार, टीका और दो हजार रुपये चुरा ले गए। गांव के लोग खेतों की तरफ घूमने के लिए गए। तो वहां उनके घर के कागजों को पड़ा हुआ देखा। जिसके बाद मामले की जानकारी परिवार को दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।