Pilibhit News: संदिग्ध हालात में विवाहिता की हरियाणा में मौत, हत्या का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sat, 16 Sep 2023 12:39 AM IST
पीलीभीत। एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। परिजनों की सूचना पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरेली के थाना नबावगंज के गांव इनायतपुर निवासी ब्रजलाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी लक्ष्मी का विवाह 24 फरवरी 2023 को सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव बेरीखेड़ा निवासी ओमवीर से किया था। पति ओमवीर गुरुग्राम, हरियाणा की एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करता है। शादी के कुछ दिन बाद ही लक्ष्मी को ओमवीर अपने साथ गुरुग्राम ले गया। वहां बुधवार को लक्ष्मी की संदिग्ध हालात में मौत हाे गई।
पति ओमवीर बृहस्पतिवार को शव लेकर पीलीभीत आया। मायके पक्ष के लोगों को खबर मिली तो वह भी लक्ष्मी की ससुराल पहुंच गए। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने मामले की सूचना सुनगढ़ी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी सुनील दत्त व सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर लक्ष्मी को प्रताड़ित करते थे। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। विवाहिता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।



