Pilibhit News: ड्रमंड कॉलेज में आज होंगे सामूहिक विवाह

शहर के ड्रमण्ड राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर लगाया गया पडाल । संवाद
कम पंजीकरण होने पर मुख्यालय पर ही किया जा रहा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह को लेकर जिले में इस बार मात्र 460 ही आवेदन आ सके हैं। ऐसे में आयोजन को ब्लॉक स्तर पर नहीं किया जाएगा। बुधवार को शहर के ड्रमंड कॉलेज में विवाह का आयोजन होगा। इसके लिए अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुटे रहे।
शासन ने जिले को 1181 मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का लक्ष्य दिया था। इस लक्ष्य को लेकर समाज कल्याण विभाग को लोगों को जागरूक कर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के तहत विभाग की ओर से प्रयास तो किए गए लेकिन लक्ष्य के अनुसार पंजीकरण ही नहीं हो सके।
ऐसे में कम पंजीकरण होने पर ब्लॉक स्तर पर आयोजनों को रद्द कर दिया गया। पिछले सप्ताह तक आवेदन पत्रों की संख्या स्पष्ट नहीं होने पर आयोजन स्थल को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। अब आयोजन से एक दिन पहले जब पंजीकरण देखे गए तो महज 460 जोड़ों का ही पंजीकरण सामने आया।
ऐसे में ब्लॉकों में विवाह समारोह न करने का निर्णय किया गया। ऐसे में अब मुख्यालय पर ही ड्रमंड कॉलेज में सामूहिक विवाह के आयोजन का निर्णय किया गया है। स्थान तय होने के बाद बुधवार को होने वाले कार्यक्रम को लेकर मंगलवार की सुबह से ही अधिकारियों ने तैयारियों को शुरू कर दिया।
यहां पर बड़ा पंडाल लगवाया जा रहा है तो एक वेदी पर चार लोगों को बैठाने की व्यवस्था की जा रही है। ऐसे में देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप देने में अधिकारी जुटे रहे।
00
ड्रमंड कॉलेज में ही सभी ब्लाॅकों के जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी की जा रही है। जिले में 460 जोड़ों का विवाह होना है।
– चंद्र मोहन विश्नोई, जिला समाज कल्याण अधिकारी