Pilibhit News: टैबलेट और मेडल मिला तो खुशी से झूम उठे मेधावी छात्र-छात्राएं
– गांधी सभागार में मेधावियों को किया गया सम्मानित, विधायक और डीएम ने पहनाए मेडल, दिए चेक और प्रशस्ति पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। हाईस्कूल, इंटर की परीक्षा में बेहतर अंकों से उत्तीर्ण हुए 19 मेधावियों को कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद और डीएम प्रवीण लक्षकार ने सम्मानित किया। मेधावियों को एक-एक टैबलेट, पुरस्कार राशि, मेडल व प्रशस्ति पत्र सौंपा गया। सम्मान पाकर मेधावियों के चेहरे खिल उठे और वे खुशी से झूम उठे।
बुधवार को लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिले के हाईस्कूल टॉपर अर्पित गंगवार, इंटर के टॉपर सौरभ गंगवार को सम्मानित किया। इसके बाद जिले के गांधी सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री के भाषण का लाइव प्रसारण हुआ। इसके बाद बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद व जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने जिले के 19 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इनमें हाईस्कूल के 10 एवं इंटर के नौ मेधावी छात्र-छात्राएं शामिल थे।
विधायक प्रवक्तानंद ने विद्यार्थियों को शासन की ओर से चलाई जा रही उनके हित की योजनाओं के बारे में भी जानकारी। बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल कर मनचाहा मुकाम पाया जा सकता है। इस मौके पर डीआईओएस गिरिजेश कुमार के अलावा मेधावियों के विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं व उनके अभिभावक मौजूद रहे।
00
अमर उजाला की तरफ से भी दिए गए मेडल व प्रशस्ति पत्र
मेधावी सम्मान समारोह में अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से भी मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र दिए गए। बरखेडा विधायक व डीएम ने छात्र छात्राओं को मेडल पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन मेधावियों को मिले 21 हजार रुपये के चेक व टैबलेट
नाम अंक कक्षा
स्वाति गंगवार 96.17 हाईस्कूल
खुशी पाठक 96.00 हाईस्कूल
रश्मि गौतमी 95.67 हाईस्कूल
नितीश कुमार 95.50 हाईस्कूल
आकाश वर्मा 95.50 हाईस्कूल
तेजस गंगवार 95.17 हाईस्कूल
रक्षा दुबे 95.00 हाईस्कूल
शिवम वर्मा 94.83 हाईस्कूल
अमित कुमार 94.83 हाईस्कूल
तनिष्का दुबे 94.83 हाईस्कूल
दीपक कुमार 95.20 इंटर
अंशिका सिंह 94.80 इंटर
00
इन मेधावियों को मिले एक लाख रुपये के चेक व टैबलेट
नाम- अंक कक्षा
अनिल बाबू कश्यप 96.40 इंटर
रिषभ प्रजापति 96.40 इंटर
सौरव गंगवार 96.40 इंटर
अर्पित गंगवार 96.40 इंटर
करन साहनी 95.80 इंटर
आदेश गंगवार 95.60 इंटर
अर्पित गंगवार 95.60 इंटर
00
मेधावियों ने बताई सफलता की कहानी और अपना लक्ष्य
पिता दीवान साहनी मजदूरी करते हैं। कम आय में घर का खर्च नहीं चलता तो कोचिंग नहीं कर सके। विद्यालय से पढ़कर आते तो यू-ट्यूब पर सवालों के जवाब खोजते और कॉपी पर लिखते। अब एनडीए में जाने का सपना है। अब सम्मान मिला है तो सफर तेज होगा।
-करन साहनी, धुरिया पलिया
घर में आर्थिक तंगी है, पिता गजेंद्र पाल को कोई काम नहीं मिला। इसके बावजूद मैंने पढ़ाई नहीं छोड़ी। मैंने तो अपने सहपाठियों से कॉपी मांगकर उसे अपनी कॉपी पर लिखा और फिर पढ़ा है। सफलता पाकर एहसास हुआ है कि मेहनत हो तो मुकाम पाना कठिन नहीं है। मैं यूपीएससी की तैयारी करूंगा।
– अर्पित गंगवार, अकबराबाद
दिन-रात मेहनत से पढ़ाई की है। जब भी नींद आ जाती और मैं सो रहा होता तो माता-पिता उठा देते थे। पिता कमलेश राजमिस्त्री हैं, उन्हीं की मेहनत का नतीजा है कि आज अच्छे नंबरों से पास हुआ हूं। विद्यालय के अध्यापकों का भी सहयोग रहा। मेरा लक्ष्य आईएएस बनना है।
– रिषभ प्रजापति, बरखेड़ा कला
मैं अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और विद्यालय के अध्यापकों को देता हूं, क्योंकि उन्होंने वह हर संभव मदद की जो मुझे चाहिए थी। जब भी कोई सवाल में अटक जाता तो माता-पिता भी परेशान हो जाते और कोशिश करते सवाल हल हो जाए। मेरा सपना सिविल सेवा में जाने का है।
– सौरभ गंगवार, दुर्गाप्रसाद मोहल्ला, बीसलपुर
मैने एक योजना बनाकर पढ़ाई की। दिन में स्कूल से लौटता तो कुछ देर आराम करता और फिर से पढ़ाई करने में ही जुट जाता। देर रात तक लगातार पढ़ाई की। मेरा लक्ष्य यही था कि सबसे अच्छे नंबरों से पास हो जाऊं। आज मुकाम मिल गया लेकिन मुझे पढ़ाई जारी रखनी है और सपना अफसर बनने का है।
– अर्पित, बहादियां, बीसलपुर
पिता वकालत करते हैं, पहले जिला मुख्यालय पर थे अब हाईकोर्ट लखनऊ में हैं। माता-पिता ने पढ़ाई में काफी सहयोग किया। कोचिंग कराई और कभी भी किसी प्रकार की कोई कमी महसूस नहीं होने दी। मैंने भी मन लगाकर पढ़ाई की। इसका नतीजा यह रहा कि आज यह सम्मान मिला है। मैं डॉक्टर बनना चाहता हूं।
– अनिल बाबू कुशवाहा, दुर्गाप्रसाद मोहल्ला, बीसलपुर