Pilibhit News: निजी नलकूपों पर बिजली खपत के आकलन को लगाए जा रहे मीटर
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 13 Sep 2023 11:50 PM IST
पूरनपुर। निजी नलकूपों पर बिजली की खपत के आकलन के लिए मीटर लगाए जा रहे हैं। किसान इसका विरोध कर रहे हैं, लेकिन ऊर्जा निगम ने मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया है। अफसरों का दावा है कि मीटर सिर्फ बिजली की खपत जानने के लिए लगाए जा रहे हैं। किसानों से बिल नहीं वसूला जाएगा। उनसे 50 रुपये प्रति हॉर्सपावर की दर से ही शुल्क लिया जाएगा।
पाॅवर कॉरपोरेशन की ओर से पूरनपुर डिवीजन के निजी नलकूपों पर मीटर लगाने शुरू कर दिए हैं। कुछ स्थानों पर कर्मचारियों को विरोध झेलना पड़ रहा है। किसानों को आशंका है कि मीटर लगने के बाद उनसे खपत के आधार पर बिजली बिल वसूला जाएगा। हालांकि विभागीय अफसरों का कहना है कि मीटर सिर्फ खपत जानने के लिए लगाए जा रहे हैं। अधिशासी अभियंता प्रशांत गुप्ता ने बताया कि शासन की ओर से नलकूपों पर बिजली खपत की गणना के लिए मीटर लगवाए जा रहे हैं।
०००
2500 नलकूपों पर लगाए जा चुके मीटर
पूरनपुर और कालीनगर क्षेत्र में करीब 4400 निजी नलकूप हैं। इसके अलावा लगभग 40 सरकारी नलकूप हैं। विभाग की ओर से अभी तक करीब 2500 नलकूपों पर मीटर लगाए जा चुके हैं। सरकारी नलकूपों पर पहले से ही मीटर लगे हैं।